सूत्रों की मानें तो रेलवे के आला अधिकारी ट्रेन को सीतापुर के रास्ते दिल्ली के लिए चलाने की तैयारी में हैं। दरअसल, ऐशबाग से सीतापुर रूट का आमान परिवर्तन पूरा हो चुका है। अब इस रूट पर ट्रेनें रफ्तार भर रही हैं। ऐसे में डबलडेकर को इस रूट पर शिफ्ट करने में दिक्कतें नहीं होंगी।
लखनऊ से दिल्ली के लिए सुबह तीन ट्रेनें हैं। इसमें डबलडेकर एक्सप्रेस जंक्शन से सुबह 4.55 बजे रवाना होती है, जबकि गोमती एक्सप्रेस चारबाग स्टेशन से सुबह छह बजे दिल्ली जाती है। अब छह अक्तूबर से तेजस एक्सप्रेस भी शुरू होने जा रही है, जोकि सुबह 6.10 बजे दिल्ली रवाना होगी।
रेलवे अधिकारी बताते हैं कि अभी ट्रेन लखनऊ जंक्शन से आलमनगर होते हुए बरेली, मुरादाबाद, गाजियाबाद व आनंदविहार तक जाती है। ट्रेन सीतापुर के रास्ते चलाने पर यात्रियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। सीतापुर से दिल्ली जाने वाले सैकड़ों यात्रियों को राहत मिल जाएगी।
अमूमन खाली रहती हैं सीटें
डबलडेकर अमूमन खाली ही दौड़ती है। ट्रेन हफ्ते में चार दिन चलती है। इसमें पहली से 15 अक्तूबर तक 629, 647, 672, 611, 530, 688, 670 व 617 सीटें खाली हैं। रेलवे अधिकारियों की मानें तो ट्रेन की ऑक्यूपेंसी करीब 80 प्रतिशत के आसपास रहती है।