लखनऊ। दिव्यांग उत्पीड़न के मामलों में कार्रवाई न होने के विरोध में दिव्यांग महागठबंधन 23 जून को पुलिस महानिदेशक कार्यालय का घेराव करेगा। मंगलवार को महागठबंधन की ऑनलाइन बैठक में इसका निर्णय लिया गया।
दिव्यांग महागठबंधन महासचिव वीरेंद्र कुमार ने कहा कि दिव्यांग उत्पीड़न के मामलों में कार्रवाई नहीं की जा रही है। थानों में दिव्यांगजन अधिनियम 2016 को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिव्यांग महागठबंधन के अध्यक्ष मनीष प्रसाद के साथ हुई मारपीट की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। उत्पीड़न करने वाले लगातार धमकी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि महागठबंधन नौकरी, रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा सुरक्षा की सौ फीसदी गारंटी के लिए शासन के अधिकारियों से मुलाकात भी करेगा। ऑनलाइन बैठक में महागठबंधन के अध्यक्ष मनीष प्रसाद, कोषाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा, सचिव दिनेश गुप्ता सहित जिलों से कार्यकर्ता शामिल रहे।