श्रावस्ती। 73वीं अंतर जनपदीय गोरखपुर जोन एथलेटिक्स व साइकिलिंग प्रतियोगिता में श्रावस्ती पुलिस ने 36 पदक जीते। सोमवार को एसपी कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में एसपी घनश्याम चौरसिया ने प्रतिभागियों को बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
एसपी ने बताया कि 14 से 16 फरवरी को सिद्धार्थनगर पुलिस लाइन में हुई प्रतियोगिता में 11 टीमों ने हिस्सा लिया। था। साइकिलिंग व एथलेटिक्स प्रतियोगिता में जिला पुलिस ने 19 स्वर्ण, 10 रजत, सात कांस्य समेत कुल 36 पदक जीते।
बताया कि श्रावस्ती की टीम साइकिलिंग में विजेता व एथलेटिक्स में उपविजेता रही। हैमर व डिस्कस थ्रो में मुख्य आरक्षी रवींद्र कुमार (पीटीआई) ने दो स्वर्ण पदक व गोला फेंक में एक रजत पदक जीता। आरक्षी गोविंद ने साइकिलिंग व पांच किलोमीटर दौड़ में दो स्वर्ण व रिले दौड़ में एक रजत पदक, अख्तर आलम ने जैवलिन थ्रो में एक कांस्य व रिले दौड़ में दो रजत, गौरव ने तीन किलोमीटर, 1500 मीटर दौड़ में दो कांस्य व 400 मीटर रिले दौड़ में एक रजत, चंदन ने 10 किलोमीटर दौड़ में एक कांस्य, जगदीश राणा ने 400 मीटर रिले दौड़ में एक रजत, अजय ने 20 किलोमीटर वॉक में एक कांस्य पदक जीता।
वहीं महिला टीम ने भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए आरक्षी नेमवती ने 400, 800, 1500, 3000 व 5000 मीटर दौड़ में छह स्वर्ण पदक व 400 मीटर रिले दौड़ में एक रजत पदक, मायावती ने 100 मीटर दौड़, 110 मीटर बाधा दौड़, 400 मीटर दौड़ व साइकलिंग में कुल पांच स्वर्ण पदक, 400 मीटर रिले दौड़ में एक रजत, तथा लांग जंप में एक कांस्य, पूजा मिश्रा ने हैमर थ्रो व 400 मीटर रिले दौड़ में दो स्वर्ण, अपराजिता दुबे ने 10 किलोमीटर वाक में एक स्वर्ण, रानी ने साइकिलिंग व 400 मीटर रिले दौड़ में एक स्वर्ण व एक रजत, रितु पांडे ने 400 मीटर रिले दौड़ में एक रजत पदक जीता।
महिला वर्ग की एथलेटिक्स व साइकिलिंग प्रतियोगिता में एक-एक शील्ड व पुरुष वर्ग की साइकिलिंग प्रतियोगिता में एक शील्ड प्राप्त किए। जिन्हें एसपी ने मेडल पहनाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान एएसपी प्रवीण कुमार यादव, टीम हेड निरीक्षक विजय सिंह समेत सभी खिलाड़ी मौजूद रहे।