इस बीच प्रशासन ने लगभग 20 हजार नागरिकों की रैली में भागीदारी का लक्ष्य पूरा करने के लिए बैकडोर से तमाम जरूरी इंतजाम किए हैं। इसके लिए जिले में सोमवार को ही प्रदेश के अलग-अलग डिपो से बसें जिला मुख्यालय पहुंच गईं। इन बसों को पहले राजकीय हवाई पट्टी अकबरपुर में खड़ा किया गया। इसके बाद उन्हें जिले के सभी नौ ब्लॉकों की तरफ रवाना कर दिया गया। प्रत्येक ब्लॉक को 44-44 बसें उपलब्ध कराई गईं।
ज्यादातर गांव में बसें शाम तक पहुंच गईं। तैयारी यह है कि इन बसों से विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों, प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में जाने को उत्सुक आम नागरिकों तथा पार्टी कार्यकर्ताओं को सुरक्षित ढंग से ले जाया जाएगा।
भीड़ जुटाने की तैयारी का जिम्मा प्रशासन पर किस तरह है, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि ब्लॉकों से प्रत्येक बस के लिए एक-एक कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई है। इसी कर्मचारी की देखरेख में भीड़ सुल्तानपुर तक जाएगी। इन सब तैयारियों के चलते ही पीएम के दौरे से पहले सत्तारूढ़ दल के वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता सुकून में नजर आए।