छठ और करवाचौथ जैसे पर्वों को धर्म की प्रचलित किताबों में भले ही पर्याप्त जगह न मिली हो, लेकिन इन्हें पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने में महिलाओं की बड़ी भूमिका रही है। जाने-माने लेखक और पौराणिक विषयों के जानकार देवदत्त पटनायक ने एक सत्र में यह बात कही। अपनी नई किताब ''इतिहास : ए हिस्ट्री ऑफ हिंदू माइथोलॉजी'' पर चर्चा करते हुए उन्होंने हिंदू धर्म की परंपराओं, इतिहास और आस्था के बदलते स्वरूप पर विचार रखे।
पटनायक ने कहा कि आधुनिक इतिहास प्रमाणों पर आधारित होता है, जबकि पारंपरिक इतिहास में विश्वास की अहम भूमिका होती है। उन्होंने जाति और खानपान के रिश्ते पर भी बात की। कहा कि भोजन बनाने, खाने और बांटने के तौर-तरीकों में सामाजिक ऊंच-नीच दिखाई देती है। हिंदू धर्म को एक जैसी मान्यताओं वाला धर्म मानना सही नहीं है। इसकी विविध परंपराओं, दर्शनों और रीति-रिवाजों को समझना जरूरी है।
हर दौर में नया रूप लेती है गजल, फिर भी परंपरा से जुड़ी रहती है
एक और दिलचस्प सत्र में पद्मश्री उर्दू शायर शीन काफ निजाम ने गजल के सफर और उसकी संभावनाओं पर बात की। मशहूर शायर अभिषेक शुक्ला से बातचीत में उन्होंने ईरान से दक्कन और दिल्ली होते हुए गजल के लखनऊ तक पहुंचने और यहां की अदबी पहचान में उसके योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि बदलते समय और भाषा के प्रभावों के बावजूद गजल में नई आवाजें पैदा करने की पूरी क्षमता है। अमीर खुसरो, कबीर, मीरा, मीर और गालिब के संदर्भों के साथ उन्होंने कई शेर भी सुनाए।
''दिल्ली दिल से'' में दिखी राजधानी की असली तस्वीर
एक अन्य सत्र में वरिष्ठ पत्रकार और लेखक सुधीर मिश्रा की किताब ''दिल्ली दिल से'' पर चर्चा हुई। अभिनेता और लेखक अतुल तिवारी से बातचीत में मिश्रा ने किताब के जरिये दिल्ली की जिंदगी, उसकी विविधता, विरोधाभासों और वहां रहने वाले लोगों के सपनों व संघर्षों को सामने रखा।