बीजेपी विधायक पर गैंगरेप का आरोप लगाने वाली पीड़िता के पिता की मौत का एक वीडियो वायरल हुआ है। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान बनाए गए इस वीडियो में उन्नाव पुलिस पीड़िता के पिता के अंगूठे के निशान लेती दिख रही है।
मौके पर पुलिस के अलावा भी कुछ अन्य लोग भी मौजूद हैं। इस वीडियो पर हंगामा बढ़ने के बाद डीआईजी लॉ एंड ऑर्डर प्रवीण कुमार ने सफाई देते हुए कहा कि मेडिको लीगल केस में मरीज के अंगूठे का निशाना लिया जाता है। उन्होंने मीडिया में आई उन खबरों का खंडन किया जिसमें इसे सनसनी के तौर पर पेश किया जा रहा था।
बताते चलें कि बीजेपी विधायक कुल्दीप सिंह सेंगर पर रेप का आरोप लगाने वाली पीड़िता के पिता की मौत सोमवार सुबह हो गई थी। पुलिस के मुताबिक उसके पेट में दर्द उठा था, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस मामले में पुलिस ने विधायक के भाई अतुल सिंह सेंगर पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दायर करते हुए गिरफ्तारी की गई है।
वहीं मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन कर दिया गया है। इस टीम में इंस्पेक्टर अवधेश पांडे, जेपी यादव व एक पुलिस अधिकारी यूपी 100 से शामिल हैं। यह टीम एडीजी लखनऊ के पर्यवेक्षण में काम करेगी और युवती से रेप व उसके पिता की मौत केस की जांच करेगी।