सरोजनीनगर। बंथरा इलाके में मंगलवार को फोन पर बात करते हुए सई नदी में छलांग लगाने वाली युवती का शव बुधवार को घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर उन्नाव में मिला। अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
बुधवार को लोगों ने उन्नाव के सोहरामऊ हिनौरा गांव के आगे हसनापुर मोड़ के पास नदी में युवती का शव उतराता देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नदी से शव बाहर निकलवाया। आसपास के लोगों से पूछताछ की, पर पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे युवती ऑटो से उतरी थी और वीडियो कॉल करते हुए बंथरा के बनी स्थित पुल से नदी में कूद गई थी।