लखनऊ। पीजीआई इलाके में रविवार रात मुख्यमंत्री की फ्लीट निकलने से पहले युवक ने गलत दिशा में डीसीएम दौड़ा दी। पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर आरोपी को पकड़ लिया।
मुख्यमंत्री का काफिला रविवार रात अमौसी एयरपोर्ट से गुजरना था। ऐसे में पीजीआई और यातायात पुलिस शहीद पथ पर सुरक्षा व्यवस्था में लगी थी। रात करीब साढ़े दस बजे नीलमथा के पास युवक ने सर्विस रोड से गलत दिशा में डीसीएम दौड़ा दी। पुलिसकर्मियों ने जब रोकने का इशारा किया तो उसने डीसीएम की रफ्तार बढ़ा दी। पुलिस ने दौड़ाकर आरोपी को पकड़ लिया। अतिरिक्त थाना प्रभारी पीजीआई अमित सिंह के मुताबिक आरोपी चालक बरौना के सेवई का अंजनी कुमार है। डीसीएम को सीज कर आरोपी चालक पर शांति भंग में कार्रवाई की गई है।