डकैती के बाद बिखरा सामान व घायल बहू
- फोटो : amar ujala
लखनऊ के काकोरी इलाके के नरौना में बदमाशों ने शनिवार देर रात किसान दिनेश सिंह के घर धावा बोल दिया। आहट पर जागी दिनेश की बहू पूजा पर हमला कर दिया। पूजा के बेहोश होते ही डकैतों ने इत्मिनान से लॉकर और सेफ तोड़े और लाखों के गहने व नगदी बटोर ले गए। पर, पुलिस ने चोरी के दौरान हमले की रिपोर्ट दर्ज की।
पुलिस के मुताबिक दिनेश सिंह के घर देररात पांच-छह बदमाश चहारदीवारी फांदकर घर में दाखिल हो गए। बदमाशों ने दरवाजा तोड़ा। इसी दौरान आहट पर जागी दिनेश की मंझली बहू पूजा शोर मचाते हुए दौड़ी तो बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया।
पूजा को लहूलुहान करने के साथ कमरे में रखी सेफ का लॉकर तोड़ा। लाखों के गहने व नगदी बटोरने के साथ लैपटॉप भी समेट लिया। पर इसी बीच ऊपरी माले पर सो रहे दिनेश व उनकी पत्नी और अन्य कमरों में सो रही दो बहुएं जाग गईं।
शोर मचाकर आसपास के लोगों को जगाया। इस पर बदमाश भागने लगे। दिनेश सिंह लाठी लेकर भूतल पर पहुंचे। बहू पूजा बेड पर खून से लथपथ पड़ी थी। सेफ व लॉकर खुला व तमाम सामान बिखरा पड़ा था। दिनेश ने पुलिस कंट्रोल रूम कॉल करके डकैती की सूचना दी।
कुवैत में नौकरी करते हैं बेटे
डेमो
- फोटो : pti
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल पूजा को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। सीओ मलिहाबाद जावेद खान व एसओ रामनरेश यादव मौके पर पहुंचे। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट व डॉग स्क्वॉयड बुलाकर पड़ताल शुरू की।
दिनेश सिंह ने संदेह जताया कि एक या दो बदमाशों ने चहारदीवारी फांदी और मेन गेट खोलकर अन्य बदमाशों को बुला लिया। इसके बाद गिरोह ने दरवाजा तोड़कर वारदात अंजाम दी।
पुलिस ने चोरी के दौरान हमले की रिपोर्ट दर्ज करके बदमाशों की तलाश शुरू की है। सीओ ने बताया कि इलेक्ट्रानिक सर्विलांस व अन्य तरीकों से बदमाशों की तलाश की जा रही है। पूजा के होश में आने का इंतजार है।
दिनेश सिंह ने पुलिस अफसरों को बताया कि वह हरदोई के कासिमपुर थाने के गांव बेहंदर कलां का मूल निवासी है और तीन साल से नरौना में मकान बनवाकर अपनी पत्नी, तीन बहुओं व उनके बच्चों के साथ रहता है। उसके तीन बेटे नागेंद्र, शैलेंद्र और धीरेंद्र सिंह कुवैत में नौकरी करते हैं।