सपा ने लोकसभा चुनाव के लिए कमर कस ली है। 16 से 20 जनवरी तक हर
विधानसभा क्षेत्र में अभियान के तौर पर बूथ और सेक्टर प्रभारियों की
बैठकें होंगी।
एक से सात फरवरी तक सभी विधानसभा क्षेत्रों में साइकिल
यात्राओं के माध्यम से सपा सरकार की उपलब्धियों का प्रचार किया जाएगा।
सपा
के प्रदेश प्रवक्ता और कारागार मंत्री राजेंद्र चौधरी ने कहा है कि प्रदेश
अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बूथ स्तर पर चुनाव तैयारियों की गहन समीक्षा किए
जाने के निर्देश दिए हैं।
बूथ प्रभारियों की बैठकों में लोकसभा क्षेत्रों
के प्रत्याशी, लोकसभा क्षेत्र प्रभारी, जिला एवं महानगर अध्यक्ष, महासचिव,
सभी विधायक या पिछले चुनावों के प्रत्याशी विधानसभा क्षेत्रों के अध्यक्ष,
जिला पंचायत अध्यक्ष तथा जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष शामिल होंगे।
लोकसभा
चुनाव प्रभारी हर बूथ पर अब तक की चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
वहीं सभी विधानसभा क्षेत्रों में गांव-गांव सरकार की उपलब्धियों को
पहुंचाने के लिए अभियान के रूप में साइकिल यात्राएं निकाली जाएगी।
प्रत्याशियों के सुझावों पर गौर करेगी कमेटी
समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों ने पार्टी नेताओं के सामने जो शिकायतें,
सुझाव और मुद्दे रखे हैं, उन पर पांच वरिष्ठ नेताओं की कमेटी गौर करेगी।
उनकी शिकायतें दूर की जाएंगी और उनकी निगरानी भी जाएगी।
सपा मुखिया मुलायम
सिंह यादव ने रविवार को सभी प्रत्याशियों से उनकी शिकायतें लिखित में ली
थी। इन पर पार्टी के सभी प्रमुख नेता विचार करेंगे। इनमें मुलायम सिंह,
अखिलेश यादव, रामगोपाल यादव, शिवपाल यादव और किरणमय नंदा शामिल हैं।
प्रत्याशियों के सुझावों पर ध्यान देते हुए कई जिलों में अधिकारी बदले जा
सकते हैं। प्रत्याशियों के फीडबैक के आधार पर ही 18 जनवरी को जिलाध्यक्षों
को निर्देश दिए जाएंगे।