फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'दिल्ली पर कब्जा हुआ तो देश हाथ में'

Sun, 02 Feb 2014 01:03 PM IST
ब्यूरो/ अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को सपा मुख्यालय में सैकड़ों साइकिल यात्रियों को झंडी दिखाकर रवाना किया।
विज्ञापन


इस अवसर पर मुलायम ने नौजवानों से कहा कि उनकी मेहनत से लखनऊ में कब्जा हो गया, अब दिल्ली की बारी है। दिल्ली पर कब्जा हुआ तो समझो पूरा देश हाथ में।
इसके साथ ही प्रदेश भर में सपा की साइकिल यात्राएं शनिवार को शुरू हो गईं। सात फरवरी तक साइकिल यात्राएं सभी विधानसभा क्षेत्रों में जाएंगी।

सपा मुख्यालय में दुग्ध विकास विभाग के सलाहकार सुनील यादव की अगुवाई में साइकिल यात्रा को रवाना करने से पहले मुलायम सिंह यादव ने उन्हें शालीन और अनुशासित रहने की ताकीद की।

कहा, रास्ते में कोई टिप्पणी भी करे तो मुस्करा कर जवाब देना। सपा सरकार ने मुफ्त पढ़ाई, मुफ्त दवाई, मुफ्त सिंचाई के साथ कन्या विद्याधन, बेकारी भत्ता, लैपटॉप वितरण, अल्पसंख्यक कल्याण के ऐतिहासिक काम किए हैं।
विज्ञापन


ऐसे काम किसी अन्य प्रदेश में नहीं हुए हैं। सपा अध्यक्ष ने समझाया कि केंद्र में सरकार बनाने में सपा की अहम भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि न कहीं मोदी हैं और न कांग्रेस।

मोदी के गुजरात का जितना बजट है, उससे ज्यादा धन तो यूपी सरकार कल्याणकारी योजनाओं में बांट रही है। उन्होंने कहा कि कर्जमाफी, मुफ्त सिंचाई, मुफ्त दवाई, मुफ्त शिक्षा, मुफ्त एंबुलेंस सेवा समेत अन्य योजनाओं के बारे में यात्रा के दौरान जनता को बताएं।
मुख्यमंत्री और सपा के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादियों ने लाल टोपी और साइकिल के जरिये पत्थरों से प्यार करने वाली भ्रष्ट बसपा सरकार को हटा दिया था। लोकसभा चुनाव नेताजी का है।

समाजवादियों के लिए यह सबसे बेहतर मौका है। यदि उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा चलाई गई योजनाओं की जानकारी जनता को दे दी तो कोई पार्टी सपा के सामने टिक नहीं पाएगी।

उन्होंने तमाम योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि बिजली संकट से निपटने के लिए युद्ध स्तर पर काम चल रहा है। फुंके हुए ट्रांसफॉर्मर 72 घंटे में बदले जा रहे हैं। सरकार ने काम बहुत किया है लेकिन प्रचार में हम पीछे रह गए।

विधानसभा और बूथ स्तर तक नौजवान कार्यकर्ता पूरे जोश के साथ अपनी बात पहुंचाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को साजिशों और षड्यंत्रों से सावधान रहने की सलाह दी।
इस मौके पर पर्यटन मंत्री ओमप्रकाश सिंह, कारागार मंत्री राजेंद्र चौधरी, पूर्व मंत्री डॉ. अशोक वाजपेयी, राज किशोर मिश्र, मधुकर जेतली, राजपाल सिंह, डॉ. राजपाल कश्यप, विधायक रेहान, बुक्कल नवाब, डॉ. मधु गुप्ता, एसआरएस यादव, मुजीबुर्रहमान शामिल थे।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें