कस्टम विभाग की टीम ने गत गुरुवार रात फैजाबाद-बाराबंकी रूट पर चेकिंग के दौरान 650 क्विंटल सुपारी पकड़ी है, जिसकी कीमत तीन करोड़ रुपये आंकी गई है। यह इंडोनेशिया और वियतनाम से तस्करी कर बांग्लादेश लाई गई, जहां से यूपी में पहुंची। इस सुपारी की आपूर्ति ऐशबाग व कानपुर के नयागंज में होनी थी।
यूपी व उत्तराखंड के कस्टम आयुक्त वेद प्रकाश शुक्ल ने बताया कि जांच टीमों को तैयार कर उसकी मॉनीटरिंग की जिम्मेदारी डिप्टी कमिश्नर चंचल कुमार तिवारी को सौंपी थी। चेकिंग के दौरान गत गुरुवार रात फैजाबाद-बाराबंकी मार्ग पर सुपारी से भरे तीन ट्रक पकड़े गए।
आयातित सुपारी के दस्तावेज चेक करने पर पता चला कि पर्याप्त ड्यूटी अदा करके माल नहीं आया है। ट्रक चालक माल भेजने वालों की जानकारी नहीं दे सके। वह सिर्फ इतना बता सका कि यह माल कोलकाता से लेकर चला था, जिसे लखनऊ व कानपुर में उतारना था।
माल किसके यहां उतारना था, यह जानकारी लखनऊ व कानपुर पहुंचने पर ही मिलती। कस्टम की टीम की ओर से फर्मों के पतों पर दबिश दी जा रही है। जांच टीम में शिवम बाजपेई, राकेश कुमार पांडेय, टीपी मौर्य, कपूर सिंह, अब्दुल राउफ, नेम बहादुर, लवकुश शर्मा शामिल थे।