शारदा नहर में एक युवक के कूदने की खबर है। युवक पूर्व सीएम मायावती की सुरक्षा में तैनात इंस्पेक्टर का दामाद है।
पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की सुरक्षा में तैनात इंस्पेक्टर के दामाद और एक निजी कंपनी में बतौर डिप्टी मैनेजर तैनात युवक ने मंगलवार सुबह शारदा नहर में छलांग लगा दी।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस को पास खड़ी उसकी कार में नाम व नंबर लिखी पर्ची मिली। नहर में उतरे गोताखोर काफी तलाश के बावजूद खाली हाथ रहे। परिवार के लोगों ने किसी झगड़े या तनाव की बात से इंकार किया है।
पत्नी ने गुमशुदगी की तहरीर दी है। महानगर में न्यू बादशाहनगर कॉलोनी निवासी लक्ष्मी नारायण (32) सुबह करीब साढ़े आठ बजे आई-10 कार (यूपी 32 ईसी 7182) से फैजाबाद रोड स्थित आनंदी वाटर पार्क जाने वाली सड़क पर पहुंचे। ठंड के चलते रोड पर इक्का-दुक्का लोग ही थे।
लक्ष्मी कार से उतरा और लॉक करने के बाद शारदा नहर में छलांग लगा दी। एक राहगीर ने उसे कूदते देख पुलिस कंट्रोल रूम फोन किया।
चिनहट पुलिस मौके पर पहुंची, कार में आगे के बाएं शीशे पर अंदर एक पर्ची लगी थी। इसमें लक्ष्मी ने अपने नाम के साथ ही बनी सिंह का नाम व फोन नंबर और हर प्रसाद वर्मा का नाम व फोन नंबर लिखा था।
बनी सिंह के दोनों नंबरों में एक-एक डिजिट कम थी। इस पर हर प्रसाद वर्मा के नंबर पर फोन किया गया। पूर्व सीएम मायावती की सुरक्षा में तैनात इंस्पेक्टर वर्मा ने बताया कि लक्ष्मी उनका दामाद है।
उन्होंने बताया कि लक्ष्मी देवा रोड पर ओमेक्स ऑटो प्राइवेट लिमिटेड में डिप्टी मैनेजर है। सूचना पर आगरा से उसके भाई रूप किशोर व परिवार के अन्य लोग राजधानी आ गए हैं।
पत्नी मंजू के अनुसार लक्ष्मी सवा सात बजे फैक्ट्री जाने की बात कहकर निकले थे। इसके साथ ही उसने कार खड़ी कर कहीं जाने की आशंका जताते हुए गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई है।
दरोगा जगदीश पांडे का कहना है कि परिवार के सदस्यों ने किसी भी प्रकार के तनाव-विवाद या अन्य प्रकार की समस्या से इन्कार किया है। पुलिस बुधवार को ऑफिस जाकर स्टाफ से पूछताछ करेगी। उधर, गोताखोरों की मदद से नहर भी खंगाली जा रही है।