राजधानी लखनऊ के सरोजनीनगर बिजनौर में सोमवार रात मौरंग-गिट्टी के ठेकेदार किशन चंद्र यादव (45) और उसके बेटे दिलीप उर्फ बबलू (24) व संदीप (20) को बीच बाजार दौड़ाकर गोली मार दी गई। किशन और संदीप की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बबलू को गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
सूचना पाकर एएसपी पूर्वी राजीव मल्होत्रा सहित आसपास के थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। परिवारीजनों ने बंथरा के तीन दबंगों कुंदन, संजय और गप्पू पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस टीमों ने आरोपियों की तलाश में दबिश दी लेकिन वह घर से भागे हुए हैं।
एएसपी पूर्वी ने बताया कि वारदात रात करीब दस बजे हुई। सरवरनगर निवासी किशन चंद्र को किसी ने फोन कर बाजार में स्थित हनुमान मंदिर में किसी बात को लेकर झगड़ा होने की जानकारी दी। किशन अपने बेटों को साथ लेकर बाजार पहुंचे जहां बंथरा निवासी संजय, कुंदन और गप्पू मिल गए। दोनों के बीच पुरानी रंजिश चल रही है।