सआदतगंज इलाके में बछिया को डंडे से मारने के दो आरोपियों को पुलिस ने रविवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। वहीं, अपने घर के सामने प्रदर्शन व पथराव से खफा भाजपा विधायक आला अफसरों पर जमकर बरसे।
उनके समर्थक ने 250 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया। आईजी जोन ने राजधानी में तैनात रह चुके थानेदारों को आसपास के जिलों से बुलाकर ड्यूटी लगाई। पशु क्रूरता के आरोपियों की धरपकड़ व इलाके में नाकाबंदी करके हालात काबू में कर लिए गए।
संवेदनशील स्थानों पर पुलिस-पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, मोहल्ला मुगलसराय में प्रेमशंकर गुप्ता की बछिया को डंडे से पीटकर मार डालने के आरोपी आतिफ और उसके भाई फिरोज को एसओ सआदतगंज समर बहादुर यादव ने देर रात टेम्पो स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया।
तीसरे आरोपी की तलाश में दबिशें दी जा रही हैं। पशु क्रूरता के दो आरोपियों की गिरफ्तारी से सोमवार सुबह इलाके के हालात सामान्य होने लगे। उधर, भाजपा विधायक सुरेश श्रीवास्तव के सहयोगी बिहारीपुर निवासी विनय शुक्ला ने 250 अज्ञात लोगों के खिलाफ बलवा, कातिलाना हमला व 7 क्रिमिनल लॉ अमेडमेंट एक्ट के तहत केस दर्ज कराया है।
उनका कहना है कि हमलावरों ने एक राय होकर विधायक के घर के सामने उग्र प्रदर्शन व पथराव किया। इसमें एसआई उमेश चंद्र नैथानी समेत दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। कुछ वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए।
परचून दुकान में लूटपाट का केस
बवाल व प्रदर्शन के कारण तैनात फोर्स
- फोटो : amar ujala
सआदतगंज के छोटा चौराहा पर परचून की दुकान करने वाले मनोज गुप्ता ने प्रदर्शन की अगुवाई के साथ जबरन बाजार बंद करा रहे लोकेश व छबीली उर्फ बुआजी को नामजद करते हुए 50 लोगों पर बलवा, मारपीट व लूटपाट का केस दर्ज कराया है।
मनोज का कहना है कि लोकेश और छबीली ने हमलावरों के साथ रविवार को उनकी दुकान पर धावा बोलकर नगदी व सामान लूट लिया। पुलिस अधिकारियों ने मनोज को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।
केंद्रीय गृहमंत्री के कार्यक्रम से रविवार रात लौटे विधायक सुरेश श्रीवास्तव अपने घर के सामने उग्र प्रदर्शन से हैरत में पड़ गए। पुलिस के आला अफसरों को कॉल करके सख्त नाराजगी जताई। कुछ देर बाद मौके पर पहुंचीं एसएसपी की जमकर क्लास ली और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया।
मामूली विवाद बता रहे आला अफसर देर रात चेते। आईजी जोन ने बाराबंकी, उन्नाव, हरदोई, सीतापुर से उन थानेदारों को बुलाया जो राजधानी में तैनात रह चुके थे। एसएसपी ने पीएसी व अन्य थानों की फोर्स की सआदतगंज के संवेदनशील स्थानों पर ड्यूटी लगाई। एएसपी सिटी पश्चिम जय प्रकाश व सीओ बाजार खाला आलोक सिंह खुद इलाके में सक्रिय रहे।