सरोजनीनगर इलाके में ब्लड कैंसर पीड़ित किशोरी से गैंगरेप के मामले में एक नया मोड़ आ गया है। मंगलवार की सुबह लोकबंधु अस्पताल ने जांच के बाद कशोरी को बालिग बताकर बलरामपुर अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद सीएमओ ने टीम गठित कर किशोरी का परीक्षण कराया।
हालांकि, अभी रिपोर्ट का खुलासा नहीं किया गया है। वहीं, घटना के मुख्य आरोपी के बाद एक और आरोपी सुमित पहाड़ी को पुलिस ने हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी है।
गौरतलब है कि मुख्य आरोपी व पीड़िता के मोबाइल फ्रेंड शुभम यादव को पुलिस ने सोमवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर निर्माणाधीन मकान की कोठरी से शराब की खाली बोतल, चादर व आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद की हैं।
हत्थे चढ़े शुभम ने चार अन्य साथियों के नाम उगलने के साथ खुलासा किया कि शराब के जाम लड़ाने के साथ छह युवकों ने किशोरी से दरिंदगी की थी। इसके बाद चार बेटियों के पिता ने लिफ्ट देकर आबरू लूटी। चौंकाने वाले खुलासे पर पुलिस ने अन्य चार युवकों की तलाश शुरू की है। एसएसपी ने दरिंदगी के आरोपियों पर गैंगस्टर-रासुका की कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
एएसपी सिटी पूर्वी सर्वेश मिश्रा ने बताया कि पुलिस टीम ने कैंसर पीड़ित किशोरी से गैंगरेप के मुख्य आरोपी शुभम यादव को दरोगा खेड़ा से गिरफ्तार किया है। गांव रहीमाबाद निवासी शुभम की निशानदेही पर भोला खेड़ा में एक निर्माणाधीन मकान की कोठरी में पुआल पर बिछी चादर, शराब की खाली बोतल, दरिंदगी में इस्तेमाल की गई आपत्तिजनक वस्तु आदि बरामद हुई।
केकेवी में बीकॉम के छात्र शुभम ने अपने साथी सुमित पहाड़ी, निरंजन, वीके उर्फ बउआ और बिटोला के नाम उजागर किए। बोला कि मिस्ड कॉल के चक्कर में किशोरी से मोबाइल पर बातचीत शुरू हुई थी। उसने अपना नाम शैलेंद्र बताकर दो दिन में जाल में फंसाया और शनिवार शाम उसे चिल्लावां बाजार में मुलाकात के लिए बुलाया था। बाइक पर बैठाकर विभिन्न स्थानों की सैर कराते हुए भोला खेड़ा ले गया। वहां रहीमाबाद के रामसिंह की प्लॉटिंग हो रही है।