लहरपुर/महराजनगर थाना मानपुर इलाके में मंगलवार की देर रात दर्दनाक हादसा हुआ। लखनऊ से आए युवक को लेकर बाइक पर बिठाकर घर लौट रहे तीन दोस्तों की ट्रैक्टर-ट्रॉली में बाइक टकराने से मौत हो गई। दो ने रास्ते में, जबकि एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में तीन दोस्तों की मौत से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। सभी का रो रो कर बुरा हाल है। हादसा घना कोहरे की वजह से होना बताया जा रहा है।
कोतवाली लहरपुर इलाके के अकबरपुर निवासी मुकेश (22), गांव के साथी महफूज (20) के साथ गांव के ही साथी मुन्ना उर्फ मोहित (22)को लेने के लिए बाइक पर सवार होकर बिसवां गए थे। बताया जाता है कि मुन्ना लखनऊ में लेकर काम करता है। मंगलवार की रात मुन्ना बस से सवार होकर बिसवां पहुंचा, लेकिन यहां से घर जाने के लिए कोई सवारी नहीं मिल रही थी। इसलिए उसने अपने दोस्तों को फोन कर घर ले जाने के लिए मदद मांगी। दोस्त के कहने पर मुकेश और महफूज, मुन्ना को लेने के लिए बिसवां पहुंचे।
इसके बाद तीन लोग एक ही बाइक पर सवार होकर घर जा रहे थे, इसी बीच मानपुर इलाके के जमालपुर के पास आगे जा रही ट्रैक्टर-ट्राली में बाइक सवार पीछे से जा घुसी। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को अस्पताल ले जाया जा रहा था, बिसवां पहुंचने पर डॉक्टरों ने मोहित और मुकेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि महफूज की हालत को नाजुक बताते हुए जिला अस्पताल भेजा गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एक ही गांव में तीन दोस्तों की एक साथ हुई मौत ने पूरे गांव को झकझोर दिया है। मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। सभी का रो रो कर बुरा हाल है। पूरा गांव मातम में डूबा हुआ है।