काकोरी पुलिस व सर्विलांस सेल ने सांसद कौशल किशोर को फोन पर धमकी देने वाले बरेली के अपराधी के साथ भाकियू के दो नेताओं को शनिवार को गिरफ्तार किया है। सांसद के पुराने दोस्त भाकियू नेता जयपाल पथिक ने धमकी की साजिश रची थी।
एसएसपी मंजिल सैनी ने बताया कि सांसद कौशल किशोर को बृहस्पतिवार को फोन पर धमकी दिए जाने के मामले में सर्विलांस सेल के प्रभारी अक्षय कुमार ने कॉल डिटेल खंगाली।
पता चला कि बरेली के प्रेमनगर थाने की जगदीशपुरम कॉलोनी में रहने वाले अपराधी संजीव माहेश्वरी ने धमकी दी थी। क्राइम ब्रांच के एसआई उदय प्रताप सिंह, अमरेश त्रिपाठी व कॉन्स्टेबल सरताज अहमद की टीम ने बरेली से संजीव को पकड़ा।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि उसने माल थाना क्षेत्र में भाकियू नेता जयपाल पथिक व गांव अटारी निवासी ओमप्रकाश साहू के इशारे पर सांसद को कॉल करके जानमाल की धमकी दी थी। इस पर काकोरी थाने की टीम ने जयपाल व ओमप्रकाश को गिरफ्तार किया।
जेल के दोस्त से बचपन के दोस्त को दिलाई धमकी
भाकियू नेता जयपाल पथिक ने पूछताछ में खुलासा किया कि वह सांसद कौशल किशोर का बचपन का दोस्त है। उसने भाकियू से जुड़कर राजनीति शुरू की और कौशल किशोर सांसद हो गए।
बचपन के दोस्त के बढ़ते कद से उसे ईर्ष्या हो रही थी। इस बीच आपराधिक मामले में जेल गया। वहां संजीव माहेश्वरी से दोस्ती हुई। ओमप्रकाश के साथ मिलकर संजीव से अपनी ईर्ष्या बया की और कौशल किशोर को कॉल करके धमकाने को कहा था।
आंदोलन की धमकी
भाकियू (अवध) गुट के रामप्रकाश सिंह, नान्हूराम रावत, कुंवर बहादुर सिंह व प्रमोद कुमार त्रिवेदी ने राजू गुप्ता गुट के मंडल अध्यक्ष जयपाल पथिक की गिरफ्तारी रोष जताते हुए 24 घंटे में रिहाई न होने पर इटौंजा थाने पर धरने का ऐलान किया।
भाकियू नेताओं ने एसओ इटौंजा के माध्यम से एसएसपी को भेजे ज्ञापन में कहा कि पुलिस ने जयपाल को अज्ञात स्थान पर रखा है।