रामनगरी अयोध्या के रामानुज संप्रदाय की पीठ हनुमान कुंड खटला मंदिर में लाखों की चोरी का मामला सामने आया है। यहां के पुजारी को जहरीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर निर्माण कार्य के लिए रखे गए लाखों रुपए पर चोर हाथ साफ कर गए।
इस घटना की जानकारी शनिवार सुबह तब हुई जब पुजारी देर तक नहीं उठे। घटना की जानकारी मंदिर में रहने वाले छात्र मोनू ने वृंदावन में मंदिर के महंत स्वामी रामेश्वरा चार्य महाराज को दी।
इस बीच पुलिस ने मंदिर के पुजारी मोरारी पांडेय (45) को बेहोशी की हालत में स्थानीय श्रीराम अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पुजारी का इलाज चल रहा है। कोतवाली प्रभारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार को साइकिल से एक आदमी मंदिर आया था जोकि अपने आप को वैद्य बता रहा था।
उस वैद्य ने मंदिर के पुजारी को काढ़ा पिलाया जिसके बाद पुजारी बेहोश हो गए और उसने घटना को अंजाम दिया। बताया कि प्रथम दृष्टया चोरी की नियत से पुजारी को जहरीला पदार्थ खिलाकर घटना को अंजाम दिया गया है। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।