रामस्वरूप इंजीनियरिंग कॉलेज से बीटेक कर रहे छात्र को झांसा देकर जालसाज 20 हजार ले उड़े।
खुद को गौतम बुद्ध प्राविधिक विश्वविद्यालय का कर्मचारी बताने वाले ठगों ने बीटेक प्रथम वर्ष के छात्र को पास कराने का झांसा दिया था। ठगी का शिकार बने छात्र ने जीबीटीयू प्रति कुलपति से मामले की शिकायत की है।
रामस्वरूप इंजीनियरिंग कॉलेज में बीटेक के छात्र अंकित की बैक आई थी। परेशान अंकित बृहस्पतिवार को दूसरे कॉलेज में दाखिले के लिए जा रहा था।
इस दौरान सुबह करीब 7.30 बजे उसके मोबाइल पर एक कॉल आई थी। फोन करने वाले ने खुद को जीबीटीयू कर्मचारी बताते हुए परीक्षा परिणाम की पूरी जानकारी देते हुए अंकित को भरोसे में लिया।
इसके बाद बीस हजार रुपये देने पर बैक हटाने की बात कही। पास होने के लालच में अंकित रुपये लेकर जीबीटीयू पहुंच गया। इस बीच खुद को अमन सिंह बताने वाले शख्स ने दोबारा फोन किया और परिसर स्थित चाय की गुमटी पर रुपये देने के बाद विवि के फर्स्ट फ्लोर पर आकर मिलने को कहा।
रुपये देने के बाद अंकित फोन करने वाले से मिलने पहुंचा, पता चला कि अमन नाम का कोई कर्मचारी है ही नहीं। सकते में आया अंकित वापस चाय की दुकान पर पहुंचा।
पूछने पर चाय बेचने वाले ने बताया कि अंकित ने पॉलीथीन में एक कॉपी दी थी और कहा कि उसका दोस्त आकर ले जाएगा। कुछ देर बाद एक लड़का आया और अंकित का हवाला देते हुए कॉपी लेकर चला गया।
उधर, जीबीटीयू प्रशासन ने साथ के ही किसी लड़के की करतूत होने की आशंका जताई है। प्रतिकुलपति प्रो. दिवाकर सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।