फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सात करोड़ की सोना लूट का खुलासा, धरे गए आरोपी

Thu, 17 Sep 2015 02:23 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
एसटीएफ ने उन्नाव के सोहरामऊ में गत 28 अगस्त को हुए करीब दो करोड़ रुपये के सात किलोग्राम से अधिक के सोना लूट कांड का पर्दाफाश करते हुए तीन बदमाशों को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। उनसे 21 लाख रुपये से अधिक का करीब 619 ग्राम लूटा गया सोना बरामद किया गया है।
विज्ञापन


एसटीएफ इस लूट में शामिल आठ अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। इनके यूपी के अलावा हरियाणा व एमपी में छिपे होने का अंदेशा है। उनके पास से बाकी लूटा गया माल बरामद करने की कोशिश हो रही है।

एडीजी कानून-व्यवस्था दलजीत चौधरी व एसएसपी एसटीएफ अमित पाठक ने बुधवार को डीजीपी मुख्यालय में बताया कि बंथरा से मोहनलालगंज जाने वाले मार्ग पर बदमाशों की सूचना मिलने पर उन्हें दबोच लिया गया।
विज्ञापन


एसएसपी ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों जीवन कुमार, अमित सिंह और मधुकर पांडेय से पता चला कि उन्नाव-कानपुर रोड पर ढाबा चलाने वाले उनके साथी सूरज को सबसे पहले बड़ी मात्रा में सोने के जेवरात ले जाए जाने के बारे में पता चला था। सूरज ने अपने दोस्त अनिल पटेल को इसकी जानकारी दी।

अनिल ने अपने मित्र अमित सिंह से संपर्क कर एक वाहन की व्यवस्था करने को कहा। अमित ने अपने जानकार मधुकर से वाहन मुहैया करने को कहा। दो बार वाहन चोरी के आरोप में जेल जा चुके मधुकर ने अपने परिचित ड्राइवर जीवन से संपर्क किया। जीवन ने भाड़े पर बोलेरो ली और खुद ही चालक बना।

इस टीम ने किया खुलासा
वारदात के खुलासे के लिए एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक शहाब राशिद खान व डीएसपी मनीष चंद्र सोनकर व इंस्पेक्टर एनआर दोहरे की टीम को लगाया गया था।

आरोपियों ने इस तरह दी वारदात को अंजाम

दो दिन तक की रेकी
बदमाशों ने घटना से दो दिन पहले फैजाबाद तक का चक्कर लगाया और देखा कि जीवन कैसा चालक है। इसके बाद लखनऊ व कानपुर मार्ग के बीच रेकी भी की। लखनऊ-उन्नाव रूट पर टोल से पहले ऐसे मार्गों पर गए जिससे वे सीसीटीवी कैमरे की जद में आने से बच सकते थे।

सुल्तानपुर से 25 हजार में खरीदी पिस्टल
अगले दिन वे सुल्तानपुर गए जहां से अनिल पटेल ने 25 हजार रुपये में एक पिस्टल खरीदी। वहां से लौटते समय सुनसान जगह पर अनिल ने पिस्टल से फायरिंग कर इसकी जांच की।

लूट की वारदात ऐसे दी थी अंजाम
जिस दिन सोना आ रहा था, उस दिन बोलेरो में छह लोग व अपाची मोटरसाइकिल पर दो लोग उन्नाव पहुंचे। उन्नाव में दही चौकी पर बोलेरो खड़ी कर दी और पुल पर अपाची पर बैठे दो बदमाश प्रतीक्षा करने लगे। सोना हार्ड वैल्यू ज्वेलरी के ट्रांसपोर्टेशन का काम करने वाली सीक्वल लॉजिस्टिक प्रा. लि. कंपनी की सिक्योरिटी वैन से आ रहा था।

जैसे ही सिक्योरिटी वैन ने पुल पार किया, अपाची पर बैठे बदमाशों ने बोलेरो में बैठे अपने साथियों को इसकी सूचना दे दी। इसके बाद बोलेरो व अपाची से बदमाशों ने सिक्योरिटी वैन का पीछा करना शुरू कर दिया। सिक्योरिटी वैन को टोल टैक्स से पहले रोकने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो सके।

पीछा करने की जल्दीबाजी में बोलेरो टोल टैक्स पर बगैर टोकन लिए आगे निकल गई। टोल टैक्स पार करने के बाद सिक्योरिटी वैन को रोक लिया। बदमाशों ने वैन के ड्राइवर को गोली मारकर बाहर खींच लिया तथा गनर को भी गोली मारकर घायल कर दिया।

लूट के बाद लखनऊ की तरफ भाग निकले थे बदमाश

बदमाश वैन में सोने के जेवरातों से भरे तीन थैलों में से दो थैले लेकर लखनऊ की तरफ  भाग निकले। इस दौरान उन्होंने बोलेरो बहुत तेज रफ्तार में दौड़ाई थी। रास्ते में एक बार बोलेरो रोक कर देखा था कि कोई पीछा तो नहीं कर रहा।

खेत में किया लूट के माल का बंटवारा
गिरफ्तार बदमाशों ने पूछताछ में बताया कि लूट के बाद वे हैदरगढ़ आए और सुनसान जगह देख कर एक खेत में लूटी गई ज्वैलरी का बंटवारा किया। लूटे गए माल के दस हिस्से किए गए, जिनमें से आठ हिस्से इन लोगों के थे तथा बाकी दो हिस्सा अमित सिंह व सूचना देने वाले का था। सोना काटने के लिए वे लोग अपने साथ कुल्हाड़ी लाए थे।

300 घंटे की सीसीटीवी फुटेज खंगाली
एसएसपी ने बताया कि पड़ताल के दौरान एसटीएफ ने करीब तीन सौ घंटे की सीसीटीवी फुटेज देखी। इसमें टोल टैक्स से लेकर लूट के मार्ग तथा अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज शामिल थी। कई जगह पर बदमाशों की धुंधली फोटो दिखी। एक जगह अनिल पटेल को पिस्टल के साथ देखा गया।

मुंबई की फर्म ने बनाया वीडियो से पोर्ट्रेट
मुंबई की संस्था क्रॉस इमेज की मदद से फुटेज में सामने आई फोटो को साफ कर उनका पोर्ट्रेट बनाया गया। इनकी शिनाख्त कराई गई तो कुछ के बारे में जानकारी मिल पाई।
विज्ञापन

बोलेरो के स्टिकर ने भी कराई पहचान

जिस बोलेरो का बदमाशों ने इस्तेमाल किया, उसमें एक स्टिकर लगा हुआ था। इस पर एसटीएफ ने पड़ताल किया कि ऐसे स्टिकर कहां बनते हैं और जहां बनते हैं, वहां से किन-किन वाहनों पर इसे लगाया गया।

ये हुए गिरफ्तार
जीवन कुमार पुत्र बलबीर सिंह निवासी-2/249, गीतापुरी, खरगापुर, लखनऊ हाल निवासी-टिब्बा रोड, मायापुरी, लुधियाना, पंजाब

अमित सिंह पुत्र रामगोपाल सिंह निवासी-हिंदूखेड़ा, थाना-सेहरामऊ, जिला-उन्नाव हाल पता-हाइडिल कॉलोनी, हनुमानपुरी, गली नं.-तीन, अमौसी रोड, सरोजनी नगर, लखनऊ

मधुकर पांडेय पुत्र वेदप्रकाश पांडेय निवासी-10/4, पीएनटी कॉलोनी, मालवीय नगर, ऐशबाग, बाजारखाला, लखनऊ
ये हुई बरामदगी

- 616.99 ग्राम सोना एवं डायमंड। मूल्य करीब 21 लाख 37 हजार 342 रुपये।

- तीन मोबाइल फोन
- लूट में इस्तेमाल बोलेरो यूपी-32 ईएन-6735
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें