सपा व्यापार सभा के जिला सचिव शिवानंद तिवारी की मंगलवार रात गोली मार कर हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह उनका शव गांव में मंडप मंदिर के पास सड़क पर पड़ा मिला। बताते हैं कि मंगलवार देर शाम शिवानंद एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। बाद में शहर में ही उनकी कुछ लोगों से कहासुनी व झगड़ा हुआ। शिवानंद के पिता ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम खरगू चांदपुर के मजरे वादीपुरवा निवासी शिवानंद तिवारी उर्फ भुर्रे उर्फ सनी उपासक (32) समाजवादी पार्टी के व्यापार सभा के जिला सचिव थे। इसके अलावा गांव के पास मंडप देव स्थान के उपासक थे। मंगलवार सुबह वह घर से निकले थे और बुधवार भोर गांव में मंडप मंदिर के पास सड़क पर कुछ लोगों ने उन्हें बेसुध पड़ा देखा।
पास ही सनी की बाइक भी पड़ी थी। बाद लोग उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने सनी के शरीर पर चोट के निशान देखे। सनी के पेट में दाहिनी ओर और पीठ के बीच गहरे जख्म दिखा, जिससे धीरे-धीरे खून निकल रहा था।