सुल्तानपुर में पुलिस अधीक्षक आवास के सामने दिनदहाड़े तीन बदमाशों ने सपा विधायक के चचेरे भाई के घर घुसकर छह लाख रुपये कीमत के जेवरात और नकदी लूट ली।
घर में अकेली भाभी के विरोध करने पर बदमाशों ने लोहे के रॉड से मारकर उन्हें मरणासन्न कर दिया। उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी ने डॉग स्क्वॉयड व फॉरेंसिक टीम के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के कुड़वार नाका रोड पर पुलिस अधीक्षक पवन कुमार का आवास है। एसपी आवास के ठीक सामने सपा विधायक अनूप संडा के चचेरे भाई व कपड़ा व्यवसायी नीरज सेठ का मकान है।
बृहस्पतिवार की सुबह नीरज सेठ दुकान पर चले गए और उनका बेटा स्कूल चला गया। घर में उनकी पत्नी संगीता सेठ (45) अकेली थी। दोपहर करीब डेढ़ बजे तीन युवक रेलवे स्टेशन की तरफ से दीवार फांदकर घर में घुस गए। घर में घुसे तीनों युवकों ने संगीता सेठ को बंधक बनाने की कोशिश की।