मानकनगर क्षेत्र में बाइक सवार दो हमलावरों ने दो साथियों के साथ रविवार रात पैदल घर जा रहे रोडवेज के संविदा कंडक्टर से गालीगलौज की और उसे गोली मारकर भाग निकले।
घायल कंडक्टर को लेकर उसके साथी आलमबाग कोतवाली पहुंचे। दो थानों के बीच सीमा विवाद होते देख साथियों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
मानकनगर निवासी रोडवेज का संविदा कंडक्टर जनमिजय सिंह (32) रात 11:30 बजे आलमबाग बस अड्डा से चालक अनुज व एक अन्य कंडक्टर विजय सोनी के साथ पैदल घर जा रहा था।
पूरननगर में बाइक सवार दो हमलावरों ने गालीगलौज की। विरोध जताने पर जनमिजय से झगड़ने लगे। अनुज व विजय को आगे बढ़ते देख पिछली सीट पर बैठे बदमाश ने जनमिजय को निशाना बनाकर तमंचे से फायर किया और भाग निकले।
विजय और अनुज ने घायल जनमिजय को उठाया और रिक्शे पर लादकर आलमबाग कोतवाली ले गए।
वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने कार्रवाई के बजाय तीनों से तहकीकात की और घटनास्थल मानकनगर क्षेत्र का बताकर टरका दिया। मजबूरी में उसे एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया।