बहराइच के रामगांव थाना क्षेत्र के एक गांव में तालाब से मिट्टी निकालने जा रही मासूम बालिका को गांव के ही दो युवकों ने अपनी हवस का शिकार बना लिया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन पीड़िता को लेकर थाने पहुंचे।
एएसपी व सीओ ने घटना स्थल का जायजा लिया। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
दरअसल, रामगांव थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी लगभग10 वर्षीय मासूम बालिका अपने गांव के बाहर तालाब से मिट्टी निकालने अपने घर से निकली हुई थी। रास्ते में बालिका को अकेली देखकर गांव के ही दो लड़कों की नीयत बदल गई। दोनों लड़की को खींचकर मक्के के खेत में ले गए और लड़की से दुष्कर्म किया।
लड़की किसी तरह लहूलुहान हालत में वहां से भागकर अपने घर पहुंची और पूरी घटना अपने परिजनों को बताई जिस पर पुलिस को सूचना दी गई। घटना की जानकारी होने पर एएसपी ग्रामीण रवींद्र सिंह व महसी सीओ शंकर प्रसाद ने घटना स्थल का जायजा लिया।
एएसपी रवींद्र सिंह ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। रामगांव थानाध्यक्ष राजमणि शुक्ला मामले की जांच कर रहे है। तथ्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।