जोया (अमरोहा) में कोतवाली डिडौली क्षेत्र के एक गांव में जानवरों के लिए चारा लेने खेत पर गई किशोरी की दुराचार के बाद दुपट्टे से गला कसकर हत्या कर दी गई।
सोमवार सुबह उसका शव गन्ने के खेत से बरामद किया गया। किशोरी के चेहरे पर चोट के निशान थे और मुंह में कपड़ा भी ठूंसा हुआ था। पुलिस ने पिता की ओर से अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली डिडौली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति की चौदह वर्षीय बेटी रविवार सुबह 11 बजे जानवरों के लिए चारा लेने के लिए निकली थी।
लेकिन दोपहर तक जब वह वापस नहीं लौटी तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। शाम तक उसका कहीं कुछ पता नहीं चला।
पिता पूरी रात परिवार के लोगों के साथ ही बेटी को तलाश करता रहा। सुबह व्यक्ति के भाई ने मकान से पांच सौ मीटर की दूरी पर गन्ने के खेत में किशोरी का शव पड़ा देखा।
उसका गला दुपट्टा से कसा गया था और चेहरे पर चोटों के निशान थे। मुंह में भी कपड़ा ठूंसा था। आशंका जाहिर की जा रही है कि दुराचार के बाद उसकी हत्या की गई है। शव देखकर भाई की चीख निकल गई और भागकर वह घर पहुंचा और परिवारीजनों को सूचना दी।