चौक पुलिस ने सोमवार देर शाम सहारनपुर के मुन्नीबाग निवासी डॉ. सबीना के बैग से 29,90,000 रुपये बरामद किए। इंस्पेक्टर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक वह 1000 व 500 रुपये की पुरानी करेंसी बदलवाने आई थी। नोटों को कब्जे में लेने के साथ ही इनकम टैक्स विभाग को सूचना दे दी गई है।
सबीना यहां अलीगंज के बड़ा चांदगंज स्थित एक अपार्टमेंट में रहती हैं और शिशु महिला होम्योपैथी चिकित्सालय की प्रभारी हैं। उनके पति सईद अहमद कारोबारी हैं। रात करीब आठ बजे सबीना उत्तर प्रदेश सरकार लिखी काले रंग की हांडा जैज़ कार से शिया कॉलेज के पास पहुंची।
एक कार और तीन-चार बाइक से कुछ लोग आए और सड़क किनारे खड़े होकर सबीना से बातचीत करने लगे। इसी बीच पाटानाला चौकी इंचार्ज दीपक सिंह रघुवंशी को ब्लैकमनी बदलने की खबर लग गई। चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे तो कार व बाइक सवार भाग निकले जबकि सबीना को पकड़ लिया गया।