उन्नाव की बांगरमऊ सीट से भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर पर रेप का आरोप लगा सीएम आवास के सामने आत्मदाह की कोशिश करने वाली युवती ने जून 2017 में माखी थाने में अगवा कर दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
माखी थाना पुलिस का कहना है कि इसमें गांव के बृजेश, शुभम सिंह और एक अन्य युवक को आरोपी बनाया गया। तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। कुछ दिन बाद तीनों को जमानत मिल गई।
इसके बाद शुभम सिंह की मां शशि सिंह ने पीड़िता के पिता व चाचा के खिलाफ तहरीर दी। इसमें घर में घुसकर मारपीट व छेड़छाड़ का आरोप लगाया। पुलिस ने युवती के पिता व चाचा को जेल भेज दिया।
एसओ माखी अशोक सिंह ने बताया कि युवती के पिता का आरोप है कि यह कार्रवाई विधायक के इशारे पर हुई थी। इसके बाद युवती के परिवारीजन अगवा कर रेप के मामले में विधायक को भी आरोपी बनाने के लिए दबाव बनाने लगे।
इसे लेकर तीन अप्रैल को दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। इसमें दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज कर कार्रवाई की गई थी। पीड़िता के पिता पर डकैती, हत्या, हत्या की कोशिश और लूट के 28 मुकदमे दर्ज हैं। यही नहीं, गुंडा एक्ट व गैंगेस्टर की कार्रवाई कई बार की जा चुकी है।
यह मुकदमे 1991 से 2004 तक दर्ज किए गए हैं। इस साल तीन अप्रैल को मारपीट व धमकी का केस दर्ज किया गया है। वहीं, पीड़िता के चाचा के खिलाफ 1996 से लेकर 2017 के बीच हत्या, हत्या की कोशिश व लूट के 13 केस दर्ज किए जा चुके हैं।
गैंगेस्टर व गुंडा एक्ट की भी कार्रवाई की गई है। एसओ का दावा है कि पीड़िता पुलिस व विधायक पर फर्जी आरोप लगा रही है। पीड़िता ने जो तहरबीर दी थी उस पर कार्रवाई की गई है।