चिनहट इलाके में स्थित सत्य नारायण आश्रम की प्रमुख मीरा बहन की सोमवार शाम उन्हीं कमरे में घुसकर दो नकाबपोशों ने गला घोंटकर हत्या कर दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही पड़ताल कर रही है।
आश्रम प्रमुख की बहन ने साथ ही रहने वाली एक शिष्या पर शक जाहिर किया है। पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
शिष्या ने मचाया शोर
कंचनपुर मटियारी में सत्य आश्रम की प्रमुख रामपति देवी उर्फ मीरा बहन (85) सोमवार शाम को अपने कमरे में आराम कर रही थीं। बगल के एक कमरे में शिष्या पूजा थी, जबकि दूसरे में एक अन्य शिष्या कल्पना दो बच्चों को पढ़ा रही थी।
शाम करीब सात बजे अचानक पूजा चिल्लाते हुए कल्पना के कमरे में पहुंची और दरवाजा बंद कर जोर-जोर से रोने लगी। कल्पना के पूछने पर डरी-सहमी पूजा ने बताया कि दो नकाबपोश बदमाश मीरा बहन के कमरे में घुसकर उनका गला दबा रहे हैं।
इस दौरान शोर सुनकर आश्रम के अन्य लोग भी पहुंच गए। सबके कमरे में पहुंचने पर मीरा बहन तख्त पर मृत पड़ी मिलीं। गले पर रस्सी का निशान था और पास में ही तकिया पड़ी थी। आशंका है कि उससे मुंह बदाया गया।
पूजा पर है शक
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेने के साथ पड़ताल शुरू की। पूजा ने बताया कि कमरे में आराम करने के दौरान मीरा बहन के घुटी-घुटी सी चीख सुनाई दी।
इस पर उनके कमरे में झांका। अंदर मीरा बहन तख्त पर पड़ी थीं और दो नकाबपोश उनका गला दबा रहे थे। इसके बाद वह शोर मचाते हुए कल्पना के कमरे की तरफ भागी और वहां पहुंच पूरी जानकारी दी।
उधर, मंदिर के पुजारी सुनील तिवारी ने बताया कि मीरा बहन की करोड़ों की संपत्ति है। संपत्ति को लेकर कई विवाद भी चल रहे हैं।
आशंका है कि इसी के चलते उनकी हत्या कराई गई है। वहीं, आश्रम प्रमुख की कानपुर निवासी बहन अनीता ने आश्रम में रहने वाले शिष्या पूजा पर शक जाहिर किया है।
आरोप लगाया कि पूजा कई दिनों से मीरा बहन को परेशान कर रही थी। सोने का बुंदा खोने के चलते उसने मीरा बहन को जाने से मारने की धमकी दी थी।
पुलिस ने पूजा को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इंस्पेक्टर चिनहट विजय मल यादव ने बताया कि मीरा बहन के परिवार वालों को सूचना दे दी गई है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।