आलमबाग निवासी 75 साल की बुजुर्ग महिला सुमन नागर ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर संपत्ति हड़पने का आरोप लगाते हुए अपने बेटे व बहू समेत चार के खिलाफ केस दर्ज कराया है। बुजुर्ग महिला का आरोप है कि पति ने आरोपी बेटे को अपनी संपत्ति से बेदखल कर दिया था जिसकी वसीयत भी की थी।
प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह के मुताबिक, आलमबाग के दुर्गापुरी स्थित द-ब्लंट स्क्वॉयर में सुमन नागर रहती है। उनके पति कृष्णाराम नागर की मौत 2020 में हुई थी। पति की मौत के बाद सुमन अपने छोटे बेटे अविनाश नागर के साथ रहती हैं। पीड़िता ने बताया कि पति ने अपनी मौत से काफी पहले 2011 में एक वसीयतनामा लिखा था। लेकिन बडे़ बेटे अनिरुद्घ नागर का चाल-चलन ठीक न होने के कारण मार्च 2018 में विधिक नोटिस देकर वसीयतनामे को रद करा दिया था। आरोप है कि पति की अप्रैल 2020 में मौत हो गई। इसके बाद वह अपने छोटे बेटे के साथ रहते हुए नगर निगम के सभी टैक्स खुद भरती थीं।
आरोप है कि संपत्ति हड़पने की नीयत से बड़े बेटे अनिरुद्घ ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर पूरी संपत्ति को अपनी पत्नी शुभा नागर के नाम करा दिया। इस कार्य में उसकी मदद गुलमर्ग अपार्टमेंट ऐशबाग मोतीनगर निवासी अजय कुमार गुप्ता व एलडीए कॉलोनी कानपुर रोड निवासी राजकुमार शर्मा ने की।
पीड़िता ने जब बडे़ बेटे से पूछताछ की तो उसने जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने डीजीपी कार्यालय में शिकायती पत्र भेजा जिस पर डीजीपी के आदेश पर आलमबाग पुलिस ने बड़े बेटे अनिरूद्घ नागर, उसकी पत्नी शुभा नागर, अजय गुप्ता व राजकुमार शर्मा के खिलाफ फर्जीवाड़े का केस दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक के अनुसार, जांच की जा रही है।