विधानसभा भवन के सामने सोमवार शाम बाराबंकी से आए रवि वर्मा ने आत्मदाह का प्रयास कर हड़कंप मचा दिया। वह जमीन हड़पने वालों के खिलाफ कार्रवाई न होने से क्षुब्ध था। पुलिस ने माचिस जलाने से पहले उसे बचा लिया। उसकी शिकायत की जांच की जा रही है।
हजरतगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राधारमण सिंह ने बताया कि शाम करीब साढ़े सात बजे रवि वर्मा विधानसभा भवन के सामने पहुंचा और बोतल में साथ लाया मिट्टी का तेल अपने शरीर पर उड़ेल लिया। हाई सिक्योरिटी जोन में तैनात पुलिसकर्मी उसकी तरफ दौड़े।
इससे पहले कि युवक माचिस जलाकर शरीर को आग लगाता, उसे दबोच लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम रवि वर्मा बताया। उसे सुरक्षित कोतवाली भेज दिया गया। रवि का कहना है कि बाराबंकी में उसकी 14 बीघा जमीन है जिसे कुछ लोगों ने फर्जीवाड़ा कर अपने नाम लिखा लिया है। वह शिकायत लेकर भटक रहा है लेकिन सुनवाई नहीं हो रही।
उसने तहसील में शिकायत की जहां अधिकारी व कर्मचारी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे। इससे क्षुब्ध होकर ही उसने विधानसभा भवन के सामने आत्मदाह का फैसला किया था। पुलिस उसकी शिकायत पर बाराबंकी पुलिस से संपर्क कर जांच कर रही है। फिलहाल उसके परिवारीजनों को सूचना दे दी गई है।