लखनऊ के आशियाना निवासी एक युवती ने कानपुर निवासी आकाश गुप्ता समेत पांच के खिलाफ केस दर्ज कराया है। आरोप है कि आकाश ने लिवइन रिलेशनशिप में रहने के बाद परिवारीजनों की सहमति से 11 फरवरी को उससे सगाई की थी। इसके बाद दहेज में 11 लाख रुपये की मांग की।
युवती के परिवारीजनाें ने असमर्थता जताई तो युवक ने शादी से इनकार कर दिया। युवती ने बताया कि आकाश उसके साथ एक बैंक में ही करता है। पीड़िता का आरोप है कि आकाश के घरवालों की प्रताड़ना और दहेज की मांग से पिता डिप्रेशन में चले गए और 19 अगस्त को दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हो गई।
इसके बाद युवती के भाई ने आकाश व उसके परिवारीजनों से शादी के लिए काफी मानमनौव्वल किया, लेकिन दहेजलोभी तैयार नहीं हुए। प्रभारी निरीक्षक आशियाना अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि आकाश गुप्ता, कमलेश कुमार गुप्ता, आयुष गुप्ता, आकाश की मां और आकाश के चाचा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।