डालीगंज इलाके का बाबूगंज बाजार रविवार शाम तकरीबन ढाई घंटे अराजकता की चपेट में रहा।
मुफ्त में मिठाई न मिलने पर लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्रों ने जमकर उपद्रव किया। कई दुकानें, दर्जनभर गाड़ियां तोड़ डालीं और पथराव व फायरिंग की। पथराव में पांच पुलिसकर्मिंयों समेत कई लोग घायल हो गए।
पुलिस ने हवाई फायरिंग,आंसू गैस और लाठीचार्ज कर छात्रों को खदेड़ा तो वे हॉस्टलों में घुस गए और गेट बंद कर पथराव करने लगे।
पुलिस ने विश्वविद्यालय में जबरदस्त मोर्चाबंदी कर रखी है। इस बीच, विवि प्रशासन ने पुलिस को हॉस्टल में घुसने की अनुमति नहीं दी।
इस पर पुलिस का कहना है कि,आगे से ऐसी किसी भी घटना की जिम्मेदारी विवि की ही होगी।
पुलिस के मुताबिक शाम करीब साढ़े सात बजे अवध किशोर गुप्ता की बालाजी स्वीट हाउस पर लखनऊ विवि के चार छात्र पहुंचे। उन्होंने चार हजार रुपये की मिठाई व नमकीन पैक कराई।
भुगतान मांगने पर सात सौ रुपये काउंटर पर फेंके और भाग निकले। अवध किशोर ने शोर मचाया।
दुकान के नौकरों को छात्रों के पीछे दौड़ाने के साथ पुलिस कंट्रोल रूम फोन कर दिया। पुलिस के आने से पहले छात्रों का जत्था आ धमका और दुकान में धावा बोल दिया।
लूटपाट व तोड़फोड़ करने लगे। विरोध पर अवध किशोर व उनके नौकरों पर टूट पड़े।
चीखपुकार पर आसपास के दुकानदार दौड़े तो छात्रों ने पथराव व हवाई फायरिंग शुरू कर दी। दहशत फैलाने के साथ सड़क के किनारे खड़ी सात गाड़ियां तोड़ डालीं। थोड़ी ही देर में पूरा बाजार बंद हो गया।
छात्रों ने एक निजी बस, राहगीरों की दो और पुलिस की दो गाड़ियों को तोड़ डालीं।
उपद्रव की खबर पर हसनगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। छात्रों ने पथराव करके पुलिसकर्मियों को दौड़ा लिया। थोड़ी देर में एसएसपी आठ थानों की पुलिस व पीएसी लेकर मौके पर पहुंच गए।
उपद्रवी छात्रों को खदेड़ने के लिए पुलिस को भी हवाई फायरिंग व आंसू गैस के गोले दागने पड़े। लाठी भांजने के साथ हरिओम सिंह समेत चार छात्रों को दबोच लिया।
हत्थे चढ़े छात्रों से पूछताछ के बाद पुलिस ने हॉस्टलों पर छापामारी की। पुलिस के पहुंचने पर हॉस्टल से पथराव के साथ सुतली बम भी फेंके गए।
डीआईजी और एसएसपी ने खुद संभाला मोर्चा
कानून व्यवस्था ध्वस्त करने वाले दुस्साहसी छात्रों को पकड़ने के लिए डीआईजी नवनीत सिकेरा और एसएसपी प्रवीण कुमार ने खुद मोर्चा संभाला।
वह एसपी ट्रांसगोमती,सीओ महानगर,सीओ अलीगंज,आठ थाने की पुलिस व पीएसी को साथ लेकर आंसू गैस के गोले दागते हुए हास्टल गेटपर पहुंचे।