गोमतीनगर इलाके में टप्पेबाजों ने मंगलवार सुबह नोटों से भरा बैग लेकर निकले एक ठेकेदार की गाड़ी का शीशा गुलेल से तोड़ा, गाड़ी पंचर कर ध्यान भटकाया और 4.50 लाख रुपये नगद, 60 लाख रुपये के एफडीआर व जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग उड़ा ले गए।
ठेकेदार को काफी देर बाद इसकी भनक लगी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बदमाशों की तलाश में इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
एसओ गोमतीनगर अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि विराम खंड निवासी ठेकेदार अजमुल हसन किदवई मंगलवार सुबह 9:45 बजे अपने घर से 4.50 लाख रुपये से भरा बैग लेकर स्कार्पियो से निकले।
बैग में 60 लाख के एफडीआर, चेकबुक, इनकमटैक्स, सेल्सटैक्स से संबंधित दस्तावेज व जरूरी फाइलें थीं। उन्होंने सृजन विहार कॉलोनी में एलडीए के एक अधिकारी के घर जाकर बातचीत की। इसके बाद हुसेड़िया चौराहा के रास्ते हैनीमैन की तरफ निकले। अचानक तेज आवाज के साथ गाड़ी पिछला शीशा टूट गया।