गाजीपुर में फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से सरेराह 4.40 लाख रुपये की लूट का पुलिस अभी सिरा भी नहीं तलाश सकी थी कि मंगलवार को बदमाशों ने एक और निजी कंपनी के कर्मचारी से 5.20 लाख रुपये लूटकर पुलिस को खुली चुनौती दे डाली।
पिछली तमाम वारदातों की तरह इस बार भी गाजीपुर पुलिस हवा में हाथ-पैर मार रही है। ताबड़तोड़ वारदातों के बावजूद एसएसपी से लेकर आईजी तक आंख-कान बंद कर बैठे हैं।
गाजीपुर थाना क्षेत्र कई महीने से लुटेरों के निशाने पर है लेकिन आला अफसर यहां पर हो रहे अपराधों को लेकर कतई गंभीर नहीं है।
पुलिस सूत्र बताते हैं कि एसओ नोवेंद्र सिंह सिरोही और सीओ गाजीपुर विशाल पांडे इन सनसनीखेज वारदातों की विवेचना और अपराधियों को पकड़ने में फिसड्डी साबित हुए हैं, फिर भी इनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई।
महकमे में चर्चा है कि पुलिस की निष्क्रियता के चलते ही लुटेरे ताबड़तोड़ वारदातें कर रहे हैं। बदमाशों में पुलिस का खौफ खत्म हो गया है।