सरोजनीनगर में शनिवार रात असलहों से लैस बदमाशों ने कानपुर के किदवई नगर में तैनात दरोगा आनंद शर्मा के घर पर धावा बोल दिया। परिवारवालों को बंधक बनाकर नकदी व जेवरात बटोर लिए। शोर पर पड़ोसियों के घर से निकलने पर बदमाश फायरिंग करते हुए भाग निकले।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कराई। बदमाशों का तो सुराग नहीं मिला, लेकिन कुछ दूरी पर हैंडपंप के पास शराब की बोतलें, बेलचा और छह खोखे पड़े पास गए। घर में लूट की सूचना पर आए आनंद शर्मा ने बताया कि स्कूटर्स इंडिया कॉलोनी में पिता पद्मनारायण और मां इंद्रावती के साथ ही भाई अवधेश और उसकी पत्नी प्रीति रहती हैं।
वारदात की रात यही चार लोग घर में थे। रात करीब साढ़े तीन बजे आहट पर पिता की नींद टूटी। कमरे का दरवाजा बाहर से बंद होने पर पिता ने मां को जगाने के साथ ही खिड़की से झांका। मेनगेट खुला होने के साथ ही छह बदमाशों को सामान बटोरता देख शोर मचाया। शोर सुनकर छोटा भाई अवधेश भी जाग गया, लेकिन उसका कमरा भी बाहर से बंद था।