अलीगंज इलाके में दो साल पहले घर में घुसे बदमाशों से मुकाबला करके लूट की कोशिश नाकाम करने वाली महिला को बुधवार शाम मारुति वैन सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने अगवा कर लिया। जान से मारने की धमकी देने के साथ मोबाइल छीना और गहने उतरवाए। शहीद पथ पर महिला को छोड़कर फरार हो गए।
चंगुल से छूटी महिला ने राहगीर की मदद से पुलिस कंट्रोल रूम व अपने पति को कॉल की। गोमतीनगर पुलिस ने महिला से तहकीकात के बाद अलीगंज थाने का रास्ता दिखाया। अलीगंज पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके तहकीकात शुरू की है।
अलीगंज के सेक्टर-डी निवासी ठेकेदार अभिषेक श्रीवास्तव की पत्नी अनामिका ने बताया कि वह शाम अपने चार साल के बेटे आशुतोष को यूसी मैथ्स सेंटर पर छोड़कर बाहर स्कूटी के पास खड़ी थी। इस बीच पीछे से आई नीली मारुति वैन से उतरे दो बदमाशों ने अचानक हमला किया और मुंह दबाकर गाड़ी में लाद लिया। गाड़ी निशातगंज की तरफ भागने लगी।
उसने हाथापाई के साथ शोर मचाने की कोशिश की लेकिन अगलबगल बैठे बदमाशों ने तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी देने के साथ मोबाइल छीना। उसमें से सिमकार्ड निकाले। अनामिका से गहने उतारकर पर्स में रखने को कहा। इस दौरान चारों बदमाश दो साल पहले की लूट का प्रयास नाकाम करने की बात कह रहे थे।