रेलवे में नौकरी के नाम पर देवरिया के साकेतनगर निवासी अक्षय मणि त्रिपाठी से तीन लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। अक्षय ने हजरतगंज कोतवाली में एक महिला सहित तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
दरोगा ओम प्रकाश तिवारी ने बताया कि छह जून को अक्षय को देवरिया निवासी श्याम मोहन प्रजापति ने रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर दिल्ली के गोकुलपुरी संजय कॉलोनी में रहने वाले शिवनाथ और बबली से मिलवाया था।
दोनों ने रेलवे अफसरों से सेटिंग का दावा करते हुए नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया। शिवनाथ ने तीन लाख रुपये का खर्च बताते हुए अक्षय से 30 हजार रुपये वसूल लिए।
बाकी रकम नियुक्तिपत्र मिलने पर देने की बात तय हुई। कुछ हफ्ते बाद अक्षय को पश्चिम बंगाल रेलवे भर्ती बोर्ड की तरफ से जारी नियुक्तिपत्र देकर बाकी रकम ले ली।
कोलकाता पहुंचने पर अक्षय को पता चला नियुक्तिपत्र फर्जी है। लौटने पर अक्षय ने रकम वापस मांगी, लेकिन श्याम मोहन टरकाता रहा।
पुलिस में शिकायत की बात कहने पर आरोपी जान की धमकी देने लगे। सोमवार को श्याम मोहन, शिवनाथ और बबली के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में एफआईआर दर्ज करा दी।