लखनऊ के सआदतगंज क्षेत्र अंतर्गत रामनगर निवासी मीना ने पति मोहर्रम पर तीन तलाक देने और करंट लगाकर प्रताड़ित करने व मारपीट से गर्भपात करने का आरोप लगाते हुए महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। क्षेत्राधिकारी हजरतगंज अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि शनिवार को पीड़िता की तरफ से मोहर्रम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
पीड़िता का कहना है कि पति उसे मायके से रुपये लाने को लेकर प्रताड़ित कर रहा था। बृहस्पतिवार को उसने रुपये की मांग करते हुए मारपीट की और तीन तलाक दे दिया। उसके सोने-चांदी के सारे जेवर अपने पास रख लिए और घर से भगा दिया। शुक्रवार को मीना महिला थाना पहुंची और शिकायत की। मामले की जानकारी के बाद आला अधिकारियों ने उसकी तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज करने के आदेश दिए।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मीना और मोहर्रम का निकाह 12 साल पहले हुआ था। मीना का आरोप है कि निकाह के बाद से ही पति और ससुराल के सदस्य उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। मोहर्रम उस पर मायके से पांच लाख रुपये लाने का दबाव बना रहा था। रुपया नहीं लाने पर वह मारपीट करता और भूखा रखता।
मीरा इन दिनों गर्भवती थी। करीब डेढ़ महीने पहले मोहर्रम ने उसकी जमकर पिटाई की। उसे करंट लगाया जिसकी वजह से उसका गर्भपात हो गया। क्षेत्राधिकारी ने कहा कि पीड़िता की तरफ से मोहर्रम के खिलाफ प्रताड़ना, गर्भपात, मारपीट और जानमाल की धमकी देने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। उसने गर्भपात से संबंधित कागजात भी दिए हैं।