अमृतपुर के अलादपुर भटौली गांव में आनर किलिंग का मामला सामने आया है। यहां आशिकी में जीजा और मौसेरी साली की गोली मार कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद दोनों का शव सड़क के किनारे फेंक दिया गया।
तड़के दोनों का शव मिलने पर सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मृतका के भाई और चाचा सहित तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोपहर में मृतका के पिता को हिरासत में ले लिया गया। एसपी ने मौका मुआयना किया।
अमृतपुर थाना क्षेत्र के गांव गूजरपुर निवासी धर्मेंद्र वर्मा (22) पुत्र मेघनाथ की शादी इसी थाना क्षेत्र के गांव अलादपुर भटौली निवासी नीरज कुमारी पुत्री पृथ्वीराज के साथ जून 2014 में हुई थी।
पत्नी के नहीं साली के साथ रहना चाहता था
आपसी विवाद के चलते नीरज करीब तीन माह पहले मायके आ गई। चर्चा है कि गांव में ही रहने वाले पृथ्वीराज के मौसेरे भाई गयालाल की बेटी पूनम से धर्मेंद्र के संबंध हो गए थे। इसी बात को लेकर मंगलवार को पंचायत बुलाई गई, जिसमें धर्मेंद्र अपने पिता मेघनाथ के साथ अलादपुर भटौली आया।
यहां धर्मेंद्र और उसकी मौसेरी साली पूनम (नीरज कुमारी की मौसेरी बहन) के संबंधों को लेकर पंचायत होने के बाद धर्मेंद्र ने नीरज कुमारी को साथ रखने की हामी भर दी। इस दौरान मेघनाथ वापस लौट गया, जबकि धर्मेंद्र ससुराल में रूक गया।
बुधवार तड़के धर्मेंद्र और पूनम (18) का शव सड़क के किनारे मिला। जीजा-साली का शव मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। जांच पड़ताल में गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया। सूचना मिलने पर एसपी विजय यादव मातहतों के साथ मौके पर पहुंची।