सीतापुर जिले के थाना रामपुर कला क्षेत्र में बैंक मित्र से लूट करने के बाद हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने दो बदमाशों को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से नकदी समेत कागजात भी बरामद हुए हैं।
बता दें कि 5 मार्च को थाना रामपुर कला इलाके में एक बैंक मित्र के साथ बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद बैंक मित्र को गोली मार दी थी, इससे उसकी मौत हो गई थी। एएसपी साउथ एनपी सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह थाना रामपुर कलां, स्वाट/सर्विलांस की संयुक्त पुलिस टीम ने मोहल्ला पटखाना थाना शाहाबाद जिला हरदोई निवासी प्रदीप उर्फ सोनू, कंदैला थाना कैसरगंज जनपद बहराइच निवासी मोहम्मद शरीफ उर्फ बाबू को पुलिस मुठभेड़ में संडौर से रामपुर कलां जाने वाले मार्ग पर भज्जूपुर चौड़िया बेहड़ तिराहे के पास से गिरफ्तार किया है।
जिनके कब्जे से घटना से सम्बन्धित नगदी, कागजात, घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल एवं दो अदद अवैध तमंचा व 8 कारतूस बरामद हुए हैं। एसपी आरपी सिंह ने बताया मुठभेड़ के दौरान बदमाशों के पैर में गोली लगी। गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है ।