प्रेम संबंध तोड़ने से नाराज युवक ने मंगलवार दोपहर मीराबाई मार्ग पर प्रेमिका को सरेराह पीट दिया। मौके पर भीड़ जुट गई।
उधर से गुजर रही महिला थाना इंस्पेक्टर कनकलता दुबे युवक को पकड़कर थाना ले आईं। हालांकि, युवती के छोड़ने की बात कहने पर इंस्पेक्टर ने समझौता करा दिया।
घटना दोपहर करीब तीन बजे की है। मड़ियांव के भरतनगर निवासी युवक और उदयगंज के हुसैनगंज में रहने वाली युवती के बीच बीते करीब चार साल से प्रेम संबंध था।
दोनों श्रीराम टॉवर में एक मोबाइल शोरूम में काम करते थे। एक हफ्ता पहले युवती ने युवक से संबंध खत्म कर लिए।
बावजूद इसे युवक उसके मोबाइल पर कॉल कर बात करने की कोशिश करता रहा। इसके साथ ही मिलने की भी कोशिश की, हालांकि युवती ने बात नहीं की।
मंगलवार दोपहर मीराबाई मार्ग पर युवती को देखते ही युवक ने रोककर बात करना चाहा। युवती के झिड़कने पर गुस्साए युवक ने बीच सड़क पर ही उसे पीटना शुरू कर दिया।
मारपीट और चीख-पुकार मचने पर राहगीरों का जमावड़ा लग गया। इसी बीच उधर से गुजरीं महिला थाना की इंस्पेक्टर कनकलता दुबे ने माजरा जाना और युवक को पकड़ लिया।
थाने लाकर उसके खिलाफ एफआईआर के निर्देश दिए। हालांकि युवती ने उसे अपना पूर्व प्रेमी बताते हुए छोड़ने की गुहार लगाई। इंस्पेक्टर ने बताया कि युवती के कहने पर सख्त हिदायत देते हुए युवक को छोड़ दिया गया।