जानकीपुरम क्षेत्र में दो दिन पहले अगवा छात्रा को शनिवार देर रात बदहवास हालत में उसके घर के बाहर फेंककर बेखौफ किडनैपर्स फरार हो गए।
दो दिन से थाने के चक्कर काट रहे परिवार को पुलिसकर्मी टरका रहे थे। छात्रा की हालत देख आक्रोशित परिवार ने जानकीपुरम पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पिता ने दुष्कर्म की आशंका जताई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इंटरमीडिएट की छात्रा गुरुवार रात अपने घर से रहस्यमय हालात में लापता हो गई थी।
उसके पिता ने दो युवकों पर अपहरण की आशंका जताते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस बीच शनिवार रात 12 बजे छात्रा के घर की कॉलबेल बजी।
पिता ने दरवाजा खोला तो दो युवक उनकी बेटी को बदहवास हालत में घर के बाहर फेंककर बाइक से भागते नजर आए।
उन्होंने शोर मचाया। आसपास के लोगों के आने से पहले बाइक नजरों से ओझल हो चुकी थी। पिता ने परिवार व पड़ोसियों की मदद से छात्रा को एक निजी अस्पताल पहुंचाया। इसके साथ पुलिस को सूचना दी।
थोड़ी देर में जानकीपुरम थाने की पुलिस भी अस्पताल जा पहुंची। पुलिस की टालमटोल से आक्रोशित परिवार ने उच्चाधिकारियों से कार्रवाई की मांग की।
छात्रा के पिता ने कहा कि उसने दो संदिग्ध युवकों के मोबाइल नंबर तक पुलिस को बताए थे लेकिन पुलिस बहाने बताकर टरकाती रही।
उधर, पुलिस ने निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान छात्रा की हालत में सुधार होते देख उसे डॉक्टरी मुआयने के लिए बलरामपुर अस्पताल भेजने की तैयारी की है।