देवरिया के एसपी डॉ. श्रीपति मिश्रा ने एडीजी जोन अखिल कुमार का आदेश मिलने के बाद से ही देवरिया के सभी थानों में रामू द्विवेदी पर दर्ज मुकदमों की डिटेल खंगालनी शुरू कर दी है। उन्होंने रामू द्विवेदी से जुड़े लोगों के बारे में भी जानकारी हासिल कर रहे हैं। पूर्व एमएलसी द्वारा अर्जित की गई संपतियों का भी ब्योरा खंगाला जा रहा है। उनका नाम प्रदेश में बसपा सरकार में हुए एक बड़े घोटाले में भी आया था। हालांकि, उनके रसूख के सामने पुलिस व जांच एजेंसियां कुछ नहीं कर सकी।
पूर्व सांसद धनंजय के करीबी है रामू
पुलिस सूत्रों की माने तो राजनीति में रामू द्विवेदी का प्रवेश जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह व बसपा सरकार के कद्दावर मंत्रियों के जरिए हुआ। रामू द्विवेदी पूर्व सांसद के करीबी बताए जाते हैं। उनकी लखनऊ से पूर्वांचल के कई जिलों के सरकारी विभागों के ठेकों में अच्छी दखल है। उनके कुछ रिश्तेदार प्रॉपर्टी का बड़ा कारोबार कर रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक हजरतगंज श्याम बाबू शुक्ला के मुताबिक देवरिया पुलिस ने शुक्रवार रात करीब डेढ़ बजे धेनुमति अपार्टमेंट से रामू द्विवेदी को गिरफ्तार किया है। इसके बाद सीधे देवरिया लेकर चली गई।
संजय पर दर्ज है युवती पर जानलेवा हमले का मुकदमा
वहीं, शराब कारोबारी संजय केडिया पर भी राजधानी के कृष्णानगर थाने में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज है। इस मामले में उनको काफी लंबे समय तक जेल की हवा भी खानी पड़ी। कृष्णानगर में रहने वाली युवती से संजय केडिया का प्रेम संबंध था। दोनों में किसी बात पर अनबन होने लगी तो स्काई हिल्टन होटल से निकलते समय संजय ने पांच शूटरों से उस गोलियां चलवा दी थीं। इस युवती गंभीर रूप से घायल हो गई थी। जिसका काफी लंबा इलाज चला। इस मामले में संजय केडिया गिरफ्तार किये गये थे। कई महीने जेल में रहने के बाद उनको जमानत मिली थी।