बहराइच के गोड़हिया नंबर तीन के मजरा लोधनपुरवा निवासी तीन सगे भाइयों समेत पांच लोगों को चोरी के मामले में पूछताछ करने के बहाने गांव के दबंग मंगलवार रात तांत्रिक के कहने पर घर बुला ले गए। घर के एक कमरे में सभी को बंधक बनाकर कपड़ा उतरवाकर लाठियों से पीटा। करंट के झटके दिए, मानवता की सारी हदें पार कर दी।
एक युवक के पिता ने इस मामले में थाने पहुंचकर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को कमरे से मुक्त कराया। इस मामले में सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है। तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
कैसरगंज थाना अंतर्गत गोड़हिया नंबर तीन के मजरा लोधनपुरवा निवासी अजय प्रताप सिंह के घर बीते सप्ताह चोरों ने धावा बोलकर हजारों की संपत्ति पर हाथ साफ किया था। इस मामले में अजय ने थाने पर तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इसी बीच अजय ने तंत्र-मंत्र का सहारा लिया। तांत्रिक ने गांव के पांच लोगों के नाम सुझाए। उनके द्वारा चोरी करने की बात भी कही।
बताया- तांत्रिक के कहने पर लेकर आए
दबंगों द्वारा प्रताड़ित किए गए ग्रामीण
- फोटो : amar ujala
इस पर अजय ने गांव निवासी सगे भाई मनोज, अनंतराम, हनुमान व उनके पड़ोसी महादेव और पैरू को चोरी के मामले में पूछताछ के लिए मंगलवार को घर बुलाया।
यहां पर सभी को बंधक बनाकर छत के ऊपर स्थित कमरे में रखा। पीड़ित ग्रामीणों का कहना है कि उनके कपड़े उतरवाकर पाइप से पानी की बौछार छोड़वाई गई। लाठियों से पीटा गया। करंट के झटके दिए।
मनोज व हनुमान का कहना है कि अजय प्रताप का कहना था कि तांत्रिक के कहने पर तुम लोगों को यहां पर लाया गया है। बेटों को छुड़वाने के लिए मनोज के पिता अजय के घर पहुंचे तो उन्हें धक्का देकर भगा दिया गया।
इस मामले में अजय के पिता ने कैसरगंज थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी। देर रात पहुंची पुलिस ने दबिश देकर कमरे में नग्न हालत में बंद पांचों ग्रामीणों को रिहा कराया। उन्हें थाने लाने के बाद चिकित्सीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
बुरी तरह किया प्रताड़ित, गुप्तांगों में डाला पेट्रोल
- फोटो : amar ujala
थानाध्यक्ष श्यामबिहारी सिंह का कहना है कि पांचों ग्रामीणों की तहरीर पर अजय प्रताप समेत सात लोगों के खिलाफ धारा 147, 148, 442, 323, 504, 506, 307 व 308 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। अन्य चारों आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
सगे भाइयों का कहना है कि प्रताड़ना के दौरान मंगलवार देर रात आरोपियों ने करंट के झटके देने के बाद बेहोश कर दिया। फिर गुप्तांग में पेट्रोल डालकर प्रताड़ित किया। हनुमान द्वारा पानी मांगने पर मुंह में लघुशंका कर यातना की हदें पार की।
मामले पर एएसपी कमलेश दीक्षित का कहना है कि रात में घटना की सूचना मिली थी। इस पर उन्होंने पुलिस टीम के साथ आरोपी के घर पर दबिश देकर सभी को मुक्त कराया। कुछ आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है। शीघ्र ही सभी को दबोच लिया जाएगा।