जगतपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने रिटायर रेलवे कर्मी और उसके बेटे को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ, जब रिटायर्ड रेलवे कर्मी अपने बेटे के साथ बाइक से बेटी की ससुराल जा रहा था। बाइक चला रहे रिटायर्ड रेलवे कर्मी के बेटे ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन तेज झटके से वह भी बाहर जा गिरा। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से भाग निकला। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है।
लालगंज कोतवाली क्षेत्र के लोदीपुर उतरावां गांव निवासी रमेश कुमार द्विवेदी (65) रेलवे का रिटायर्ड कर्मचारी था। जगतपुर थाना क्षेत्र के सरायं शिवबक्श गांव में उसकी बेटी की ससुराल है। शुक्रवार को बेटी के घर में मुंडन संस्कार था। मुंडन संस्कार में शामिल होने के लिए रिटायर्ड रेलकर्मी अपने बेटे दीपक (32) के साथ बाइक से अपनी बेटी के घर जा रहा था। दीपक बाइक चला रहा था।
एक साथ दो मौतों से मचा कोहराम
जगतपुर-डलमऊ रोड पर बिन्नावां गांव के पास पीछे से आए ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाप-बेटे सड़क पर गिर पड़े और ट्रैक्टर ने दोनों को कुचल दिया। इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से भाग निकला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर को अपने कब्जे में लेकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। एसओ आलोक दुबे का कहना है कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
पिता-पुत्र की मौत से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी और उसके बेटे की एक साथ मौत की जानकारी मिलने के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। परिवारीजन जगतपुर पहुंचे तो बाप-बेटे की लाश देख कर फफक कर रो पड़े। करीब एक साल पहले ही दीपक ही शादी कोमल से हुई थी। उसकी चार महीने की एक बेटी भी है, जिसके सिर से पिता का साया उठ गया। वहीं रमेश की पत्नी रन्नो पर तो पति और बेटे दोनों की मौत से दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा।
कार सवार की मौत
थाना क्षेत्र में बछरावां में गुरुवार की देर रात बेकाबू कार आगे जा रहे ट्रक में जा घुसी। इससे कार सवार युवक की मौत हो गई। बछरावां कस्बे के आजाद नगर मोहल्ला निवासी आशुतोष वर्मा (30) पुत्र रामदास किसी काम के सिलसिले में अपनी कार से लखनऊ जा रहा था।
रास्ते में चुरुवा मंदिर के पास उसकी कार आगे जा रहे ट्रक में घुस गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे कार से निकाल कर सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत के बाद परिवारीजनों में रोना-पिटना मचा है। एसओ बीएन शुक्ला का कहना है कि कार ट्रक के अंदर घुसने से हादसा हुआ है।