जाली दस्तावेज के जरिये बेशकीमती सरकारी जमीन बेचने के मामले में हिमालयन इंजीनियरिंग कॉलेज के चेयरमैन दिलीप सिंह बाफिला और उसके भतीजे अजीत सिंह को मंगलवार रात गिरफ्तार कर लिया गया।
दोनों को बुधवार को जेल भेज दिया गया। बाफिला हिमालयन सहकारी समिति का भी चेयरमैन है। इसी समिति की आड़ में उसने गोमतीनगर के खरगापुर इलाके में करोड़ों रुपये की सरकारी जमीन की प्लॉटिंग कर बेच डाली।
यही नहीं, जमीन खरीदने वालों से भी उसने हेराफेरी की थी। इसको लेकर उसके खिलाफ जनवरी में मुकदमा दर्ज कराया गया था। जांच में मामला सही पाए जाने पर उसे दबोच लिया गया।
एसओ सैय्यद मोहम्मद अब्बास का कहना है कि बाफिला ने सरकारी जमीन के जाली दस्तावेज बनाकर जमीन बेचने के साथ ही कई लोगों की जमीनों की रजिस्ट्री भी कराई है।