फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नहर में मिली नग्न लाश, टूटी जांघ से उलझी पुलिस!

Wed, 19 Nov 2014 04:41 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
नगराम थाना क्षेत्र में हमलावरों ने सोमवार शाम बाजार के लिए निकले अधेड़ की हत्या कर शव नहर में फेंक दिया। नहर में उसका नग्न शव, कपड़े व झोला मिला, जबकि साइकिल फुटपाथ पर पड़ी थी।
विज्ञापन


हादसा मान रही पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज करके तहकीकात शुरू की है। एसओ नगराम दिनेश सिंह ने बताया कि गांव गुलाल खेड़ा निवासी रामनरेश (55) सोमवार शाम 5 बजे साइकिल से हरदोइया बाजार के लिए निकला था।

रातभर न लौटने से परेशान परिवारीजनों ने मंगलवार सुबह से तलाश शुरू की। गांव में कुछ पता न चलने पर बड़ा बेटा संतोष हरदोइया बाजार की तरफ चला।

रास्ते में अचली खेड़ा के पास मितौली नहर के पास फुटपाथ पर पिता की साइकिल पड़ी मिली और शव नहर में उतराता नजर आया। संतोष ने पुलिस को सूचना दी।

इस बीच रामनरेश की पत्नी फूलमती अपने अन्य बच्चों अशोक, हरिओम, आकाश व बेटी अलका के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लोगों की मदद से शव निकाला।
विज्ञापन

टूटकर बाहर आई जांघ की हड्डी

घर से पैंट शर्ट पहनकर निकले रामनरेश के तन पर कपड़े नहीं थे। बाई जांघ की हड्डी टूटकर बाहर निकल आई थी। इसके अलावा कोई खास चोट नजर नहीं आई।

पुलिस ने हादसे की आशंका जताई, जबकि परिवारीजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। आखिरकार संतोष की तहरीर पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या व साक्ष्य मिटाने का मामला दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

एसओ का मानना है कि काफी समय से बीमार रामनरेश की साइकिल को नहर के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी और वह साइफन में जा गिरा।

बेचैनी के चलते उसने कपड़े उतारे और नहर से निकलने का प्रयास किया। जांघ पर गंभीर चोट के चलते बाहर नहीं आ सका। खून बहने के साथ ठंड में काफी देर तक पानी में पड़ा रहा। संभव है कि इसी वजह से मौत हो गई हो।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें