यह हत्या का बड़ा ही अजीब और घिनौना मामला है। नौनिहाल की हत्या करने के बाद आरोपी ने उसका शव घर की फ्रिज में छुपा दिया। इतना ही नहीं जब पुलिस मौके पर पहुंची तो हत्यारोपी व उसकी बहन भीड़ में शामिल रही और पुलिस के साथ छोजबीन का भी नाटक करती रही।
इन हालातों में आरोपी पर किसी का शक नहीं जा सका था। जयराम नगर इलाके में मासूम पलक को चार मार्च की शाम अगवा करने की खबर से सनसनी फैल गई थी। बच्ची के गायब होने के बाद ही रात को एएसपी रामप्रकाश सिंह, सीओ सिटी आरके वर्मा, कोतवाल केके यादव और चौकी इंचार्ज छविनाथ सिंह मौके पर पहुंचे थे।
आसपास इलाके में खोजबीन के बाद बच्ची का सुराग नहीं मिला था। इसके बाद ही घर-घर चेकिंग अभियान शुरू हुआ था। एएसपी, सीओ सिटी और चौकी इंचार्ज आरोपी संदीप श्रीवास्तव के घर गए थे। आरोपी ने बेहिचक होकर अपने घर की तलाशी के लिए पुलिस को दरवाजे खोल दिए थे। तभी आरोपी की रिटायर दरोगा बहन आशारानी आ गई थी और उसने पुलिस को अपना परिचय देकर बहका दिया था।
इससे घर की तलाशी में पुलिस सुस्त हो गई थी। पुलिस ने घर में चेकिंग के नाम पर खानापूरी ही की थी। जबकि दूसरी मंजिल में रखी फ्रिज के अंदर ही बच्ची को मारकर छिपाई गई थी। इसके बाद आरोपी पुलिस के साथ पूरे मोहल्लेवासियों के घरों की तलाशी करता रहा। पुलिस के बच्ची को खोजने की चुनौती भी दी थी। यहां तक कि पीड़ित परिजनों के साथ बच्ची की गुमशुदगी दर्ज कराने कोतवाली तक आरोपी गया था।
फाग की धूम में दब गई बच्ची की चीख
आरोपी के घर के अंदर उपद्रव कर रही भीड़ ने टीवी चैनल के कैमरामैन मुकेश कुमार का कैमरा तोड़ डाला है और उससे हाथापाई भी की। इस तरह से कई टीवी चैनलों और कैमरामैन पिटने से बचे हैं।
फतेहपुर। जिस वक्त नौनिहाल बच्ची की हत्या की गई, उस वक्त ज्यादातर लोग फाग की मस्ती में डूबे हुए थे। फाग गीतों के बीच बच्ची की चीख दब गई। क्योंकि इलाके में गुरुवार से ही फाग की धूम मची थी, लेकिन शुक्रवार को जैसे ही बोरे में भरा शव मिला, मोहल्ले के लोगों का जश्न गम में बदल गया। लोग यह कहने लगे कि काश गुरुवार रात उन लोगों ने बच्ची की चीख सुन ली होती तो शायद उसे बचाया जा सकता था।
आरोपी के घर में पब्लिक की लगाई आग को शांत करने के लिए दमकल वाहन ने चौराहे से जा रही थी। तभी भीड़ ने दमकल वाहन पर पथराव कर दिया था। इससे वाहन का शीशा टूट गया और ड्राइवर भी अनियंत्रित होकर बिजली पोल से जा टकराया था। पोल से टकराने के बाद ही गुजरी हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर पड़ा।
तार टूटते देखकर भीड़ के होश उड़ गए और दूसरी ओर भीड़ भाग निकली थी। बवाल की सूचना पर एसपी, एएसपी, एसडीएम, सीओ सिटी, सीओ बिंदकी, कोतवाल सदर, थाना गाजीपुर, असोथर, मलवां, औंग, हुसैनगंज का फोर्स मौके पर पहुंचा था। लेकिन भीड़ में किसी का खौफ नहीं था। भीड़े ने दमकल वाहन के साथ सीओ सिटी, सदर कोतवाली, राधानगर चौकी की बोलेरो, मुराईनटोला चौकी इंचार्ज की बाइक तोड़ी गई है।