पूराकलंदर थाना क्षेत्र के अयोध्या-प्रयागराज हाईवे के किनारे स्थित चांदपुर हरिवंश गांव में खेत में घर बनाकर रह रहे अधेड़ दंपती का रक्त रंजित शव घर के अलग-अलग कमरों में मिला। पुलिस के अनुसार दोनों की किसी भारी वस्तु से सिर पर वार कर हत्या की गई। घर की हालत देखकर लग रहा था कि मरने से पूर्व दोनों ने हत्यारों से काफी संघर्ष किया था। मृतक का दामाद रविवार सुबह जब दोनों का हालचाल लेने आया तो वारदात की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंचे आईजी, एसएसपी, एसपी सिटी, सीओ अयोध्या समेत फोरेंसिक व डॉग स्कवॉयड ने मौके पर जांच की। पुलिस ने दामाद की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। मृतक की इकलौती बेटी व दामाद ने जमीन विवाद के चलते हत्या की आशंका जताई है।
थाना पूराकलंदर अंतर्गत चांदपुर हरिवंश गांव में रहने वाले हृदयराम कोरी (55) उनकी पत्नी मालती देवी (52) गांव के किनारे स्थित अपने खेत में मकान बनाकर रहते थे। उनकी इकलौती बेटी कमलेश का विवाह थाना पूराकलंदर क्षेत्र स्थित मिर्जापुर निमोली मजरे खुरुमपुर निवासी राम सिंगार के साथ हुआ था। दामाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया गया कि शनिवार को दिन में कई बार फोन करने के बाद जब उसके ससुर हृदयराम कोरी का फोन नहीं उठा तो पत्नी कमलेश ने कहा कि रविवार सुबह चांदपुर हरिवंश चले जाओ और बात भी हो जाएगी, साथ ही उन्हें राशन भी पहुंचा देना।
रविवार सुबह जब दामाद चांदपुर हरिवंश अपनी ससुराल पहुंचा तो मौके का माजरा देख अवाक रह गया। घर का दरवाजा खुला हुआ था। सास-ससुर दोनों के शव अलग-अलग कमरे में खून से लथपथ क्षत विक्षत पड़े हुए थे। उसने वारदात की जानकारी ग्रामीणों सहित ग्राम प्रधान व पूराकलंदर पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पूराकलंदर पुलिस ने घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। मौके पर पहुंचे आईजी डॉ. संजीव गुप्ता, एसएसपी शैलेश पांडेय, एसपी सिटी विजयपाल सिंह समेत अन्य अधिकारियों व फोरेंसिक व डॉग स्क्वॉयड ने घटनास्थल की जांच की व शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
एसएसपी ने बताया कि पति-पत्नी के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर हत्या की गई है। घर की हालत देख लगता है कि दोनों ने मृत्यु से पूर्व काफी संघर्ष किया होगा। हत्यारों ने वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों के शव अलग-अलग कमरों में फेंक दिया था। बताया कि दामाद की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। मृतका की बेटी व दामाद ने जमीन विवाद में हत्या की आशंका जताई है, मामले में हर पहलू को ध्यान में रख जांच की जा रही है।
संपति, रास्ते के विवाद व जमीनी एग्रीमेंट के बीच उलझी हत्या की गुत्थी
-मृतका की बेटी व दामाद सहित ग्रामीणों की माने तो इस हत्याकांड के पीछे रास्ता, जमीनी एग्रीमेंट सहित घर के निकट स्थित मृतक की करीब एक बीघे की बेशकीमती जमीन का विवाद नजर आ रहा है। इस जमीन पर कुछ प्रॉपर्टी डीलरों से गठजोड़ का विवाद भी सामने आ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार हृदयराम कोरी ने लगभग पांच वर्ष पूर्व अपने गांव का घर और सड़क की जमीन बेचकर खेत में मकान बनाया था। कुछ दिनों पूर्व भी उन्होंने एक बिस्वा जमीन किसी को एग्रीमेंट भी कर दी थी। रास्ते व जमीनी विवाद से आहत होकर उसने अपने घर के सामने ही वर्ष 2016 में शिवजी का मंदिर और 2017 में लगभग 10 फीट दूरी पर दूसरा हनुमान जी का भी मंदिर बनवा डाला था। उसने अपनी इकलौती पुत्री कमलेश के नाम रजिस्टर्ड वसीयत भी कर दी थी।